Somnath Jyotirlinga Budget Trip: गुजरात में अरब सागर के तट पर बसा सोमनाथ मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. ऐसी मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण खुद चंद्रदेव ने किया था, इसलिए इसका नाम सोमनाथ पड़ा. यहां कपिला, हिरण और सरस्वती का त्रिवेणी संगम है. मंदिर में अक्टूबर से मार्च के बीच सबसे अधिक संख्या में लोग पहुंचते है, क्योंकि ये समय यहां आने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. आप भी सोमनाथ की ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो महज 1500 से 2000 रुपए के खर्च में आप इस ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकते है. आइए बताते हैं कि सोमनाथ की बजट ट्रिप आपको कैसे प्लान करनी है.

कैसे पहुंचे?
सोमनाथ जाने के लिए 'वेरावल' रेलवे स्टेशन पर उतरना होगा. ये सोमनाथ मंदिर से सबसे करीबी रेलवे स्टेशन हैं. अगर आपके शहर से वेरावल के लिए ट्रेन नहीं मिलती तो आप पहले अहमदाबाद पहुंचे और फिर वहां से ट्रेन लेकर वेरावल आ जाएं. वेरावल तक आने में आपको 500 से 800 रुपए तक खर्च होंगे. स्टेशन के बाहर से सोमनाथ मंदिर तक शेयरिंग ऑटो ₹20-₹30 में मिल जाते हैं.
कहां ठहरें?
ऑटो से आप श्री सोमनाथ डॉर्मिटरी अतिथि गृह पहुंच जाएं. ये सोमनाथ ट्रस्ट के द्वारा चलाया जाता है और मंदिर से महज 200-300 मीटर की दूरी पर है, यहां से मंदिर आप पैदल ही पहुंच सकते हैं. यहां डॉर्मिटरी आपको 90 रुपए पर बेड के हिसाब से मिल जाती है.
कहां-कहां जाएं?
मंदिर के अंदर 35 रुपए का गंगाजल मिलेगा, उससे सोमनाथ भगवान का जलाभिषेक करें और 100 रुपए का प्रसाद यहां मिलता है, उसे भी खरीद सकते हैं. सोमनाथ मंदिर के पास ही महारानी अहिल्याबाई होलकर मंदिर है यहां भी शिवजी के दर्शन करें. शाम को मंदिर में 'लाइट एंड साउंड शो' (Light and Sound Show) देखें, जिसकी टिकट मात्र ₹25-₹50 होती है.
इसके अलावा आप सोमनाथ बीच, श्रीराम मंदिर, गीता मंदिर, भालका तीर्थ और त्रिवेणी संगम जा सकते हैं. इन जगहों के लिए आप शेयरिंग ऑटो या लोकल बसें मिलती है. महज 400-500 रुपए में ये ट्रिप आप कर सकते हैं. फिर शाम के वक्त ओसन व्यू बीच जाए, यहां का भाड़ा महज 5 रुपए हैं.
कहां खाएं?
महारानी अहिल्याबाई होलकर मंदिर के सामने सोमनाथ मंदिर का अन्नक्षेत्र है, जहां मुफ्त में भोजन मिलता है, आप यहां खाना खा सकते हैं. इसके अलावा सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट की भोजनालय में शुद्ध सात्विक थाली केवल ₹50-₹70 में मिल जाती है.
इसे भी पढ़ें: अब रात का बचा खाना नहीं जाएगा वेस्ट, ये रही 3 आसान डिश, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं