संतरा खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है. इसका स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है, साथ ही ये फल सेहत के लिए भी बेहद अच्छा होता है. अब, लोग संतरा खाकर इसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन आप चाहें, तो इन छिलकों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. संतरे के छिलकों से आप घर पर ही साबुन बना सकते हैं. साबुन बनाने का ये तरीका अतिथि पकवान नाम के यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है. खास बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामान या पैसे खर्च करने की जरूरत भी नहीं होगी. आप केवल 2-3 चीजों की मदद से ही घर पर बड़ी आसानी से ये साबुन तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-
चाहिए होंगी ये चीजें
- संतरे के छिलकों से साबुन बनाने के लिए आपको संतरे के ताजे छिलके
- साबुन का बेस
- थोड़ा सा पानी और
- साबुन जमाने के लिए सिलिकॉन मोल्ड चाहिए होगा. अगर सिलिकॉन मोल्ड न मिले, तो आप पेपर कप का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
- इसके लिए सबसे पहले संतरे के छिलकों को अच्छी तरह धो लें, ताकि उन पर लगी गंदगी साफ हो जाए. इसके बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
- अब, इन छिलकों को मिक्सर जार में डालें और थोड़ा पानी मिलाकर बारीक पीस लें. ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न हो.
- तैयार मिश्रण को बारीक छलनी या साफ सूती कपड़े से छान लें. इससे छिलकों के बड़े टुकड़े अलग हो जाएंगे और आपको एक स्मूद मिश्रण मिलेगा.
- इतना करने के बाद साबुन के बेस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
- एक पैन के अंदर एक कटोरी रखें. पैन में इतना पानी डालें कि कटोरी हल्की डूबी हुई रहे लेकिन पानी कटोरी के अंदर न जाए.
- अब, इस कटोरी में साबुन के बेस के टुकड़े डालें और गैस को मीडियम फ्लैम पर जला लें. इसे डबल बॉयलर मेथड़ कहते हैं. इससे धीरे-धीरे साबुन का बेस बिना जले पिघलने लगेगा.
- जब बेस पूरी तरह पिघल जाए, तब इसमें तैयार संतरे के छिलकों का मिश्रण डाल दें और अच्छी तरह चला लें.
- तैयार मिश्रण को धीमी आंच पर करीब 12 से 13 मिनट तक चलाते हुए पकाएं. ध्यान रखें कि मिश्रण में कोई गांठ न रहे. इसके बाद गैस बंद कर दें.
- अब, तैयार मिश्रण को साबुन के मोल्ड में डाल दें. अगर मोल्ड न हो, तो आप इसे हल्का ठंडा कर पेपर कप में भी डाल सकते हैं.
- इसे कमरे के तापमान पर करीब 30 मिनट तक जमने के लिए छोड़ दें. अगर आप जल्दी साबुन जमाना चाहते हैं तो इसे कुछ समय के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं. जमने के बाद साबुन को मोल्ड से बाहर निकाल लें.
- इतना करते ही आपकी साबुन बनकर तैयार हो जाएगी.
आप इसे नहाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे आपकी बॉडी से पूरे दिन एक नेचुरल खुशबू आती रहेगी. इसके अलावा संतरे के छिलकों को स्किन के भी अच्छा माना जाता है. ऐसे में इस साबुन से नहाने पर आपकी स्किन पर निखार भी आ सकता है.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- गर्दन पर लाइनें दिखती हैं? स्किन एक्सपर्ट ने बताया ढीली पड़ती स्किन को टाइट करने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं