विज्ञापन

नहाने से पहले या बाद में, बच्चे की मालिश कब करनी चाहिए? Parenting Expert से जान लें

बच्चे की मालिश को लेकर पेरेंट्स के मन में कई सवाल होते हैं. इनमें भी सबसे आम सवाल ये रहता है कि बच्चे की मालिश नहलाने से पहले करनी चाहिए या बाद में? आइए एक्सपर्ट से जानते हैं इसका जवाब-

नहाने से पहले या बाद में, बच्चे की मालिश कब करनी चाहिए? Parenting Expert से जान लें
बच्चे की मालिश नहलाने से पहले करनी चाहिए या बाद में?
(Photo Credit: NDTV)

छोटे बच्चों के लिए मालिश को बेहद फायदेमंद माना जाता है. पुराने समय से ही नवजात और छोटे बच्चों की तेल से मालिश करने की परंपरा चली आ रही है. माना जाता है कि इससे बच्चे को आराम मिलता है, साथ ही बच्चे की मांसपेशियों को भी मजबूती मिलती है. लेकिन मालिश को लेकर पेरेंट्स के मन में कई सवाल होते हैं. इनमें भी सबसे आम सवाल ये रहता है कि बच्चे की मालिश नहलाने से पहले करनी चाहिए या बाद में? मालिश करने का सही समय क्या है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है? इसी विषय पर पेरेंटिंग एक्सपर्ट अर्चना मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने इन सभी सवालों के जवाब दिए हैं. आइए जानते हैं क्या कहती हैं एक्सपर्ट- 

बच्चे की मालिश नहलाने से पहले करनी चाहिए या बाद में? 

पेरेंटिंग एक्सपर्ट अर्चना मलिक बताती हैं, बच्चे को नहलाने से कम से कम आधे घंटे पहले उसकी मालिश करनी चाहिए. यानी पहले बच्चे की अच्छी तरह मालिश करें और फिर करीब 30 मिनट बाद उसे नहलाएं. इसके अलावा कुछ और बातों पर ध्यान देना भी जरूरी है. जैसे- अगर बच्चे ने अभी दूध पिया है या बच्चे का पेट भरा हुआ है, तो उस समय मालिश बिल्कुल न करें. पेट भरे होने पर मालिश करने से बच्चा असहज महसूस कर सकता है, साथ ही इससे बच्चे को पेट में दर्द या उल्टी भी हो सकती है.

एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर आपने बच्चे को दूध पिलाया है, तो उसके करीब 15-20 मिनट बाद ही मालिश करें. 

मालिश के लिए कैसा तेल इस्तेमाल करें?

बच्चे की मालिश के लिए एक्सपर्ट हल्के गुनगुने तेल का इस्तेमाल करने की सलाह देती हैं. ध्यान रखें कि तेल ज्यादा गर्म न हो, आपको बस इसे हल्का गुनगुना करना है. 

इस बात का भी रखें ध्यान 

इन सब से अलग एक्सपर्ट कहती हैं, मालिश करने के करीब 30 मिनट बाद बच्चे को नहलाएं जरूर. बच्चे की स्किन से तेल को साफ करना जरूरी है. अगर तेल ज्यादा देर तक लगा रहे, तो स्किन पर धूल-मिट्टी और पसीना जमा होने लगता है, इससे बच्चे को स्किन रैश हो सकता है या छोटे-छोटे दाने भी हो सकते हैं. इसलिए मालिश के बाद बच्चे को हल्के गुनगुने पानी से नहलाएं, नहलाने के बाद मुलायम तौलिए से हल्के हाथों से बच्चे की स्किन को साफ कर लें. 

इस तरह छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप बच्चे की मांसपेशियों को मजबूती दे सकते हैं और उसकी स्किन का ख्याल भी रख सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- फटी एड़ियों को कैसे ठीक करें? स्किन एक्सपर्ट ने बताए 3 सबसे असरदार तरीके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com