चेहरे की खूबसूरती का ध्यान तो हम सभी रखते हैं. चेहरे पर झुर्रियां न आएं, इसके लिए कई तरह की क्रीम और सीरम का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन इस बीच गर्दन की देखभाल करना भूल जाते हैं. नतीजन धीरे-धीरे गर्दन पर लाइनें या झुर्रियां दिखने लगती हैं. कई बार कम उम्र में भी गर्दन पर इस तरह की लाइनें पड़ जाती हैं. इसी को लेकर डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने गर्दन पर पड़ती इन लाइनों को कम करने के लिए कुछ असरदार तरीके बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
गर्दन पर क्यों पड़ जाती हैं लाइनें?
डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, आजकल ज्यादातर लोग अपना काफी समय मोबाइल और लैपटॉप पर बिताते हैं. इस दौरान अक्सर हमारी गर्दन नीचे की ओर झुकी रहती है. लंबे समय तक इसी तरह मोबाइल देखने से गर्दन पर इस तरह की लाइनें पड़ने लगती हैं. इस समस्या को टेक नेक (Tech Neck) कहा जाता है. इसके अलावा उम्र बढ़ने के साथ स्किन में कोलेजन कम होने लगता है. कोलेजन स्किन को मजबूत और टाइट रखने में मदद करता है. जब इसकी मात्रा कम होती है, तो स्किन ढीली पड़ने लगती है और गर्दन पर झुर्रियां दिखने लगती हैं.
गर्दन पर पड़ी लाइनों को कैसे साफ करें?दिन में दो बार करें ये एक्सरसाइज
सबसे पहले डर्मेटोलॉजिस्ट गर्दन की स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करने की सलाह देती हैं. वे बताती हैं, अगर आप लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप इस्तेमाल करते हैं, तो बीच-बीच में ब्रेक जरूर लें और दिन में दो बार गर्दन की स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें. इससे गर्दन की मांसपेशियों को आराम मिलेगा. साथ ही मोबाइल देखते समय गर्दन को लगातार नीचे झुकाकर रखने से बचें.
रेटिनॉल क्रीमस्किन एक्सपर्ट बताती हैं, अक्सर लोग स्किन केयर करते समय चेहरे पर तो क्रीम लगा लेते हैं, लेकिन गर्दन को छोड़ देते हैं. ऐसा नहीं करना चाहिए. चेहरे की तरह गर्दन की स्किन का ध्यान रखना भी जरूरी है. डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, गर्दन पर पड़ी लाइनों को कम करने के लिए आप रेटिनॉल वाली क्रीम का इस्तेमाल कर सकते हैं. रेटिनॉल स्किन में कोलेजन बनने में मदद करता है. इससे स्किन की बनावट बेहतर हो सकती है और लाइनें कम दिख सकती हैं.
हाइलूरोनिक एसिड वाली क्रीम लगाएंगर्दन की स्किन को मुलायम और नम बनाए रखने के लिए आप हाइलूरोनिक एसिड वाली क्रीम भी लगा सकते हैं. स्किन एक्सपर्ट बताती हैं, ये स्किन में नमी बनाए रखने में मदद करती है. इससे स्किन ड्राई नहीं होती और इस तरह झुर्रियां या लाइनें कम दिखती हैं.
सनस्क्रीनडर्मेटोलॉजिस्ट चेहरे के साथ-साथ गर्दन पर भी सनस्क्रीन जरूर लगाने की सलाह देती हैं. धूप की हानिकारक किरणें स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं. इससे स्किन में कोलेजन कम हो सकता है और झुर्रियां बढ़ सकती हैं. इसलिए रोजाना चेहरे के साथ गर्दन पर भी सनस्क्रीन लगाएं.
इन सब से अलग अगर आपकी गर्दन पर बहुत गहरी लाइनें हैं और क्रीम लगाने से भी उनमें सुधार नहीं हो रहा है, तो आप एक्सपर्ट की सलाह के बाद फिलर्स करा सकते हैं. हालांकि, फिलर्स का असर करीब 18 महीने तक ही रह सकता है. ये एक मेडिकल प्रोसेसे होता है, जो केवल डर्मेटोलॉजिस्ट से ही कराना चाहिए.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- शादी से पहले चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए क्या लगाएं? एक्सपर्ट ने बताया चुकंदर से उबटन बनाने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं