घर में निकलने वाले सब्जियों और फलों के छिलके, सूखी पत्तियां और बगीचे का कचरा हर को कूड़ा समझकर बाहर फेंक देता है, लेकिन यही कचरा आपके पौधों के लिए पौष्टिक और पूरी तरह नेचुरल खाद बन सकता है. अगर, आप गार्डनिंग करना पसंद करते हैं और खाद बाहर से लेकर आते हैं तो यह स्टोरी आपके लिए काम की साबित हो सकती है. आप घर पर आसानी से नेचुरल खाद बना सकते हैं. DIY कम्पोस्ट पिट बनाने के लिए न तो ज्यादा खर्च करना पड़ता है और न ही किसी खास तकनीक की जरूरत होती है. सही तरीके से कम्पोस्टिंग की जाए तो न मक्खियों की परेशानी होगी और न ही बदबू की. कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप घर के कचरे को पौधों के लिए ऑर्गेनिक खाद में बना सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं घर पर नेचुरल खाद कैसे बनाएं.
कम्पोस्ट पिट कहां बनाएं?
सबसे पहले अपने बगीचे में ऐसी जगह चुनें जहां पानी आसानी से निकल जाए और हवा का अच्छा फ्लो हो. हल्की छाया वाली जगह कम्पोस्ट पिट के लिए बेहतर मानी जाती है. हालांकि, धूप और छांव दोनों में कम्पोस्ट बन सकता है. ऐसी जगह से बचें जहां बारिश का पानी जमा होता हो, क्योंकि ज्यादा नमी कम्पोस्ट को सड़ाने लगती है और उससे बदबू आने लगती है.
हवा का ध्यान रखें
किचन के कचरे को सीधे जमीन पर डालने की गलती न करें. कम्पोस्ट पिट के सबसे नीचे लगभग 10 से 15 सेंटीमीटर मोटी परत सूखी टहनियों, छोटी शाखाओं, लकड़ी के टुकड़ों, सूखे बगीचे के कचरे या वुड चिप्स की बिछाएं. यह परत हवा के लिए जगह बनाती है और अतिरिक्त पानी को निकलने में मदद करती है.
ब्राउन और ग्रीन कचरे का सही मेल
कम्पोस्ट पिट में बदबू से बचने का सबसे आसान तरीका है ब्राउन और ग्रीन सामग्री का सही अनुपात बनाए रखना. फलों और सब्जियों के छिलके, घास, कॉफी पाउडर या कॉफी ग्राउंड्स, पौधों की कटिंग ये ग्रीन कचरे में शामिल करें. वहीं. ब्राउन में सूखी पत्तियां, टहनियां, गत्ता, कार्डबोर्ड, कागज, सूखी पौधों की चीजें लकड़ी के छोटे टुकड़े या वुड चिप्स आदि. बेहतर कम्पोस्ट के लिए 1 भाग ग्रीन कचरे के साथ 2 से 3 भाग ब्राउन सामग्री मिलाएं. इससे सड़न कम होगी और बदबू भी नहीं आएगी.
फूड स्क्रैप्स को खुला न छोड़ें
कम्पोस्ट पिट को साफ और बदबूरहित रखने के लिए जब आप फलों या सब्जियों के छिलके पिट में डालें, तो उन्हें सूखी पत्तियों, कटा हुआ कार्डबोर्ड या किसी अन्य ब्राउन सामग्री की मोटी परत से पूरी तरह ढक दें. इससे बदबू कम होती है और मक्खियां भी नहीं आती.
बारिश में रखें खास ध्यान
अगर आपका कम्पोस्ट पिट खुले में है, तो बारिश के दौरान उसमें ज्यादा पानी भर सकता है. इससे बचने के लिए पिट को ढक्कन या किसी ऐसी कवरिंग से ढकें जो हवा को आने-जाने दे, लेकिन अतिरिक्त पानी को अंदर न जाने दे. इन आसान बातों का ध्यान रखकर आप बिना मक्खियों और बदबू के घर पर बेहतरीन ऑर्गेनिक कम्पोस्ट तैयार कर सकते हैं, जो आपके पौधों की सेहत और बढ़वार के लिए बेहद फायदेमंद होगी.
यह भी पढ़ें:- जली हुई कड़ाही कैसे साफ करें? जिद्दी काले दाग हटाने के 4 आसान घरेलू तरीके
यह भी पढ़ें:- कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें कड़ी पत्ते सूखने पर क्या करना चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं