विज्ञापन

पीस लिली के पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें पीस लिली को कितनी बार पानी देना चाहिए

गार्डनिंग एक्सपर्ट मयूर मंद्राह ने 4 आम गलतियों के बारे में बताया है, जो पीस लिली के पौधे पर फूल न आने का कारण बनती हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

पीस लिली के पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें पीस लिली को कितनी बार पानी देना चाहिए
पीस लिली में फूल नहीं आ रहे हैं तो क्या करें?
(Photo Credit: Freepik)

गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोग अपने घरों में कई अलग-अलग पौधे लगाते हैं. पीस लिली भी इन्हीं पौधों में से एक है. ये पौधा देखने में बेहद खूबसूरत लगता है. लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके पीस लिली के पौधे में फूल नहीं आते हैं. अगर आपके पौधे के साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है.  गार्डनिंग एक्सपर्ट और एक्स आर्मी मेजर मयूर मंद्राह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने पीस लिली पर फूल न आने के पीछे 4 आम कारण बताए हैं, आइए जानते हैं इनके बारे में- 

रोशनी से दूर रखना 

मयूर बताते हैं, पीस लिली भले ही इनडोर प्लांट होता है लेकिन इसे भी रोशनी की जरूरत होती है. अगर पौधे को बिल्कुल रोशनी नहीं मिलेगी, तो इसमें फूल आना बंद हो सकते हैं. इसलिए पीस लिली को घर में ऐसी जगह रखें जहां इसे अच्छी रोशनी मिल सके. आप अपने पौधे को खिड़की के पास रख सकते हैं. बस ध्यान रखें कि वहां बहुत तेज सीधी धूप न आती हो. 

जरूरत से ज्यादा पानी देना

एक्सपर्ट बताते हैं, पीस लिली के पौधे को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. ज्यादा पानी देने से भी इस पौधे में फूल नहीं आते हैं. इसलिए पौधे को बार-बार पानी देने से बचें. मयूर मंद्राह के मुताबिक, आमतौर पर पीस लिली को 7 से 10 दिन में एक बार पानी देना काफी होता है.  

गमले में पानी जमा रहने देना 

पीस लिली को पानी देने के बाद एक और बात का ध्यान रखना जरूरी है. अगर गमले के नीचे कोई प्लेट या बाहरी गमला रखा है और उसमें पानी जमा हो गया है, तो उसे वहीं न छोड़ें. एक्सपर्ट बताते हैं, जमा हुआ पानी मिट्टी को लगातार गीला रखता है. इससे पौधे की जड़ों में सड़न हो सकती है. इसलिए पानी देने के करीब 5-6 घंटे बाद बाहरी गमले या प्लेट में जमा पानी को फेंक दें.

पौधे को पोषण न मिलना

इन सब से अलग एक्सपर्ट कहते हैं, घर के अंदर रखे पौधों को कई बार पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती है. ऐसे में पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए सही पोषण देना जरूरी है. आप अपने पीस लिली के पौधे को महीने में कम से कम एक बार नाइट्रोजन वाली जैविक खाद  दे सकते हैं. इससे अलग आप घर पर केले के छिलकों से खाद बनाकर भी पौधे की मिट्टी में डाल सकते हैं. इससे भी पीस लिली में फूल बढ़ाने में मदद मिल सकती है. 

इस तरह 4 छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने पीस लिली के पौधे पर फूल बढ़ा सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- तुलसी के पौधे में कीड़े लग जाएं तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तुलसी में काला कीड़ा दिखे तो क्या डालना चाहिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com