तुलसी का पौधा लगभग हर घर में पाया जाता है. तुलसी को धार्मिक नजरिए से तो खास माना जाता है ही, साथ ही इसके पत्तों को सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. ऐसे में लोग घर में तुलसी का पौधा लगाना पसंद करते हैं. लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि उनका तुलसी का पौधा बार-बार मुरझा जाता है या तुलसी बढ़ती नहीं है. इसी कड़ी में गार्डनिंग एक्सपर्ट सुदिप्ती ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने कुछ आम वजह बताई हैं, जिनके कारण तुलसी मुरझा जाती है. इसके साथ ही एक्सपर्ट ने तुलसी के पौधे को सालभर हरा और घना रखने का तरीका भी बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
तुलसी का पौधा किस मौसम में बढ़ता है?
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, तुलसी गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ती है. गर्मी में तुलसी की ज्यादा देखभाल करने की जरूरत नहीं पड़ती है, लेकिन सर्दी के मौसम में इसकी ज्यादा देखभाल करने की जरूरत होती है. खासकर अक्टूबर-नवंबर के बाद पौधे को ठंडी हवा, ओस और सीधी बारिश से बचाना जरूरी है. एक्सपर्ट कहती हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपका तुलसी का पौधा सालभर हरा-भरा रहे, तो इसे बहुत ठंड से बचाएं. सर्दियों की शाम में तुलसी के पौधे को ढककर रखें.
तुलसी के पौधे को कितना पानी देना चाहिए?गार्डनिंग एक्सपर्ट कहती हैं, तुलसी के पौधे को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. पौधे में रोज पानी न डालें. इससे अलग पानी डालने से पहले हमेशा पौधे की मिट्टी को छूकर देखें. अगर मिट्टी पूरी तरह सूखी हुई लगे, केवल तब ही पौधे को पानी दें. ज्यादा पानी देने से भी पौधा मुरझा जाता है.
तुलसी के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?एक्सपर्ट कहती हैं, तुलसी के पौधे की मिट्टी बहुत ज्यादा चिकनी नहीं होनी चाहिए. मिट्टी को छूकर देखें, अगर छूने पर मिट्टी बहुत चिकनी लगे या मिट्टी में जल्दी क्रैक पड़ जाएं, तो इसमें थोड़ी मात्रा में कम्पोस्ट, गोबर की खाद और रेत मिला सकते हैं. जब पौधे की मिट्टी अच्छी रहती है, तो इसकी जड़ें अच्छे से फैलती हैं और पौधा हरा-भरा और घना बना रहता है.
तुलसी के पौधे को कैसे गमले में लगाएं?एक्सपर्ट कहती हैं, तुलसी के पौधे को कभी भी छोटे गमले में नहीं लगाना चाहिए. इसे हमेशा बड़े और मिट्टी के गमले में ही लगाएं. तुलसी बड़े गमले में अच्छे से फैलती और बड़ी होती है.
तुलसी के पौधे को घना कैसे करें?इसके लिए एक्सपर्ट समय-समय पर सावधानी से मिट्टी की गुड़ाई करने की सलाह देती हैं. इससे पानी जड़ों तक आसानी से पहुंचता है और मिट्टी में हवा भी बनी रहती है. इसके साथ ही तुलसी को घना बनाने के लिए समय-समय पर उसकी कटाई करते रहें. इससे नई शाखाएं निकलती हैं और पौधा ज्यादा घना होता है. साथ ही तुलसी से मंजरी को भी तुरंत हटा दें. इससे भी पौधे की ग्रोथ अच्छी तरह होती है.
इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप तुलसी को सूखने से बचा सकते हैं और तुलसी के पौधे को घना बना सकते हैं.
यह भी पढ़ें- गमले में भिंडी कैसे उगाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया मिट्टी में क्या डालने से पौधे में भर-भरकर आएंगी भिंडी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं