विज्ञापन

मोगरा के पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया मोगरा तेजी से कैसे बढ़ता है

गार्डनिंग एक्सपर्ट चेतना भल्ला ने मोगरा के पौधे पर फूल बढ़ाने और इस पौधे की सही देखभाल करने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

मोगरा के पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया मोगरा तेजी से कैसे बढ़ता है
मोगरे के पौधे पर ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें?
(Photo Credit: NDTV)

घर पर अलग-अलग पेड़-पौधे लगाना भला किसे पसंद नहीं होता है. पौधे न केवल घर की खूबसूरती को बढ़ाने में मदद करते हैं, बल्कि इनसे घर का माहौल पॉजिटिव भी बना रहता है. वहीं, कई लोग अपने घर में फूलों वाले पौधे लगाते हैं. इनमें मोगरा का पौधा सबसे आम है. मौगरे के फूल बेहद खूबसूरत होते हैं, साथ ही इन्हें लगाने से पूरा घर खुशबू से महकता रहता है. लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके मोगरा के पौधे पर फूल बहुत कम आते हैं या पौधा बढ़ नहीं पाता है. अगर आपके पौधे के साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट चेतना भल्ला ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने मोगरा के पौधे पर फूल बढ़ाने और इस पौधे की सही देखभाल करने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

मोगरे के पौधे को कितनी धूप चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, मोगरा के पौधे को धूप बहुत पसंद होती है. इसे रोजाना कम से कम 6 से 8 घंटे धूप मिलनी चाहिए. कम धूप मिलने पर ये पौधा लंबा तो होता है, लेकिन इसमें फूल कम आते हैं. बस इसे दोपहर की तेज धूप में रखने से बचें. 

मोगरे के पौधे को कितने बड़े गमले में लगाना चाहिए?

एक्सपर्ट बताती हैं, मोगरा के पौधे के लिए 12 से 14 इंच का मिट्टी का गमला अच्छा रहता है. ध्यान रखें कि गमले में पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए. पानी जमा रहने से पौधे की जड़ें गलने लगती हैं, जिससे पौधा जल्दी मर जाता है. 

मोगरे के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?

चेतना भल्ला के मुताबिक, मोगरा के पौधे को पोषण से भरपूर मिट्टी चाहिए होती है. इस मिट्टी को तैयार करने के लिए 60 प्रतिशत मोटी वाली मिट्टी में 30 प्रतिशत वर्मीकंपोस्ट और 10 प्रतिशत परलाइट को आपस में अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपकी मिट्टी बनकर तैयार हो जाएगी. इसके बाद जब आप पौधे को इस मिट्टी में लगाएं, तो पौधे की जड़ में थोड़ा सा एलोवेरा जेल और एक चुटकी हल्दी लगा दें. 

जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए, तो इसकी मिट्टी तैयार करने के लिए 40 प्रतिशत सामान्य बगीचे की मिट्टी में 30 प्रतिशत कंपोस्ट, 20 प्रतिशत रेत या राइस हस्क और 10 प्रतिशत में बोन मील मिलाएं. अगर बोन मील नहीं है, तो आप रॉक फॉस्फेट और सरसों की खली का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. सब चीजों को आपस में अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपकी मिट्टी तैयार हो जाएगी, इसमें आप मोगरा का पौधा लगा सकते हैं.

मोगरा के पौधे को कितना पानी देना चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, इस पौधे को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. बार-बार पानी देने से इसकी जड़ें खराब हो सकती हैं. इसलिए जब मिट्टी की ऊपरी 2 इंच परत सूखने लगे, इसे केवल तभी ही पानी दें. 

मोगरे के पौधे पर ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें?

इसे लेकर गार्डनिंग एक्सपर्ट कहती हैं, अगर आपका पौधा बढ़ रहा है लेकिन पौधे पर ज्यादा फूल नहीं आ रहे हैं, तो सही खाद देने की जरूरत है. आप मोगरे के पौधे में प्याज के छिलकों की खाद डाल सकते हैं. इससे अलग आप इसमें एप्सप सॉल्ट डाल सकते हैं. ये दोनों चीजें मोगरे पर फूल बढ़ाने में मदद करती हैं. आप हर 15 दिन के गैप में मोगरा के पौधे में ये खाद डाल सकते हैं. बस ध्यान रखें कि आपको इसे शाम के समय ही डालना है. तेज धूप में पौधे में खाद डालने से बचें. 

इन सब से अलग समय-समय पर पौधे की छटाई करते रहें. पौधे पर फूल सूखने के बाद इन्हें काटकर अलग कर दें. इससे पौधे पर फिर नई कलियां और शाखाएं ज्यादा आती हैं. 

इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने मोगरा के पौधे में ज्यादा फूल बढ़ा सकते हैं, साथ ही अपने पौधे को घना बना सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- पुराने मिट्टी के दीपक को नया बनाने का देसी जुगाड़, जानें बिना रगड़े दिये पर लगी कालिख और चिकनाई कैसे साफ करें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com