Dog Care Tips: क्या आपका प्यारा डॉगी हर वक्त खुद को खुजाता रहता है. अगर हां, तो समझ जाइए कि उसके शरीर पर पिस्सू (Fleas) या कीड़े (Worms) ने हमला कर दिया है. ये छोटे-छोटे कीड़े न सिर्फ आपके डॉगी को परेशान करते हैं, बल्कि धीरे-धीरे पूरे घर में भी फैल जाते हैं. इसका असर घर के दूसरे लोगों और पालतू जानवरों पर भी पड़ सकता है. आइए जानते हैं इनसे छुटकारा पाने के कुछ आसान तरीके और डॉग्स से जुड़ा 7-7-7 का नियम.
कुत्तों के कीड़े कैसे हटाए?
अगर डॉगी के बालों में कीड़े लग गए हैं, तो उन्हें हाथ से खींचकर निकालने की गलती कभी न करें, इससे उसे दर्द हो सकता है. बाजार में एक स्पेशल 'टिक रिमूवर कंघी' मिलती है, उसे डॉगी के बालों में फेरें और कीड़े आसानी से बाहर आ जाएंगे. इसके अलावा, आप वेटरिनरी डॉक्टर (पशु चिकित्सक) की सलाह लेकर डीवॉर्मिंग (Deworming) करवा सकते हैं या फिर उनसे पूछकर 'स्पॉट-ऑन ड्रॉप्स' (Spot-on drops) का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे डॉगी की गर्दन के पीछे लगाया जाता है, जिससे सारे कीड़े अपने आप मर कर गिर जाते हैं.
कुत्ते के पिस्सू मारने के उपाय?
पिस्सू बहुत तेजी से छिपते और फैलते हैं. इन्हें मारने के लिए नीम का तेल रामबाण इलाज माना जाता है. डॉगी को नहलाने से कुछ घंटे पहले उसकी स्किन पर नीम के तेल से हल्की मसाज कर दें. अगर आप कुछ झटपट चाहते हैं, तो एक कप पानी में आधा कप एप्पल साइडर विनेगर (सेब का सिरका) मिलाएं. इसे एक स्प्रे बोतल में भरें और डॉगी के बालों पर अच्छी तरह छिड़क दें. सिरके की महक से पिस्सू तुरंत भाग खड़े होंगे. आप चाहें तो उसे फ्ली शैंपू (Flea Shampoo) या डॉक्टर की सलाह वाली दवा से नहला सकते हैं. जरूरत पड़ने पर फ्ली स्प्रे, ड्रॉप्स या कॉलर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. कुत्ते का बिस्तर, कंबल और खेलने की जगह भी अच्छी तरह साफ करें, क्योंकि पिस्सू वहीं छिपे रहते हैं.
घर से पिस्सू भगाने के लिए क्या घरेलू उपाय हैं?
- अगर पिस्सू घर के सोफे या कार्पेट तक पहुंच गए हैं, तो सिर्फ डॉगी को साफ करने से काम नहीं चलेगा.
- सबसे पहले डॉगी के बिस्तर और उसके सॉफ्ट खिलौनों को एकदम उबलते हुए गर्म पानी में धो लें.
- एक बर्तन में पानी और दो-तीन नींबू काटकर उबाल लें। जब पानी ठंडा हो जाए, तो इसे घर के कोनों, पर्दों और सोफे पर स्प्रे करें.
- नींबू की खटास से पिस्सू घर से बाहर भाग जाएंगे.
- फर्श और कार्पेट पर रोजाना अच्छी तरह से वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें.
- अगर पिस्सुओं की समस्या ज्यादा है, तो डॉक्टर की सलाह से सुरक्षित फ्ली कंट्रोल प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें.
कुत्तों के लिए 7-7-7 नियम क्या है?
7-7-7 नियम कोई मेडिकल ट्रीटमेंट नहीं, बल्कि नए या रेस्क्यू किए गए कुत्तों को नए माहौल में ढलने का एक सामान्य तरीका माना जाता है. इसका मतलब है कि पहले 7 दिन कुत्ता नए घर को समझता है, अगले 7 हफ्तों में परिवार के साथ घुलने-मिलने लगता है और करीब 7 महीनों में वह नए घर में पूरी तरह सहज महसूस करने लगता है. हर कुत्ते का व्यवहार अलग हो सकता है, इसलिए समय भी कम या ज्यादा लग सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं