सोशल मीडिया पर रोज कोई न कोई नया हैक वायरल होता रहता है. इनमें से कुछ हैक्स इतने आसान होते हैं कि लोग उन्हें तुरंत आजमाने लगते हैं. इन दिनों कपड़ों से जुड़ा एक ऐसा ही हैक काफी चर्चा में है. इस ट्रिक में लोग अपनी वॉशिंग मशीन के ड्रायर में कपड़ों के साथ बर्फ के कुछ टुकड़े डाल रहे हैं. दावा है कि ऐसा करने से कपड़ों में सिलवटें नहीं बनती हैं और इस तरह आपको कपड़ों को प्रेस करने की जरूरत नहीं पड़ती है. अब, सवाल ये है क्या ये ट्रिक वाकई काम करती है? अगर हां, तो आखिर ड्रायर में बर्फ डालने से ऐसा कैसे हो सकता है? आइए जानते हैं इन सवालों का जवाब-
ड्रायर में बर्फ डालने से क्या होता है?
दरअसल, जब आप कपड़ों के साथ ड्रायर में 2 से 3 बर्फ के टुकड़े डालते हैं और ड्रायर को थोड़ी देर के लिए गर्म साइकिल पर चलाते हैं, तो बर्फ पिघलकर पानी बन जाती है. गर्म ड्रम में यह पानी धीरे-धीरे भाप में बदलता है. यही भाप कपड़ों के रेशों को ढीला करने में मदद करती है. इसके साथ कपड़े ड्रायर में लगातार घूमते रहते हैं. गर्मी, भाप और कपड़ों के घूमने से हल्की सिलवटें कम होने लगती हैं.
किन कपड़ों पर ज्यादा फायदा होगा?यह ट्रिक उन कपड़ों पर सबसे ज्यादा काम करती है, जो थोड़े हल्के होते हैं, साथ ही जिनपर सिलवटें कम पड़ती हैं. जैसे- कॉटन की शर्ट, सिल्क का कोई कपड़ा, सॉफ्ट फैब्रिक वाले टॉप आदि. लेकिन बहुत मोटे कपड़ों पर ये ट्रिक थोड़ा कम काम करती है. जैसे- जिंस, डेनिम, ब्लेजर आदि. ऐसे कपड़ों के लिए आपको आयरन या स्टीमर की मदद लेनी ही पड़ेगी.
क्या ड्रायर में बर्फ डालना सुरक्षित है?आमतौर पर ड्रायर में 2-3 बर्फ के छोटे टुकड़े डालने से मशीन को कोई नुकसान होने की उम्मीद नहीं होती है. फिर भी हर वॉशिंग मशीन और ड्रायर अलग होता है. इसलिए पहली बार यह ट्रिक आजमाने से पहले अपनी मशीन के मैनुअल में दी गई जानकारी जरूर देख लें.
बर्फ नहीं है तो गीला तौलिया डालेंअगर घर में बर्फ नहीं है, तो आप ड्रायर में कपड़ों के साथ एक हल्का गीला तौलिया भी डाल सकते हैं. यह तरीका कई बार बर्फ से भी जल्दी काम कर सकता है. क्योंकि गीले तौलिए में पहले से पानी होता है, साथ ही तौलिया मोटा होता है इसलिए इसमें पानी भी ज्यादा जमा होता है. ड्रायर की गर्मी में उससे जल्दी भाप बनने लगती है.
इस बात का भी रखें ध्यानइस ट्रिक को आजमाते समय एक बात का खास ध्यान रखें, वो ये कि आप ड्रायर बंद होते ही कपड़ों को तुरंत बाहर निकाल लें. अगर कपड़े ज्यादा देर तक मशीन में मुड़े हुए रहेंगे तो इससे उनमें फिर से सिलवटें आ सकती हैं. ऐसे में आप भी इस आसान ट्रिक को आजमाकर देख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- तुलसी को हरा-भरा रखने के लिए क्या डालना चाहिए? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया साल भर घना रहेगा पौधा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं