Curry Leaves Plant Care: बहुत से लोग अपने घर में करी पत्ते का पौधा लगाते हैं, लेकिन अक्सर यह शिकायत रहती है कि पौधा महीनों या कभी-कभी सालों तक ठीक से बढ़ता ही नहीं. बाकी पौधे जहां तेजी से बढ़ते हैं, वहीं करी पत्ता एक ही जगह रुका हुआ नजर आता है. असल में करी पत्ते का पौधा यानी कढ़ी पत्ता अपनी जरूरतों को लेकर काफी संवेदनशील होता है. यह एक ट्रॉपिकल पौधा है, जिसे सही धूप, पानी, मिट्टी और तापमान की जरूरत होती है. अगर इनमें से कोई भी चीज थोड़ी सी भी गड़बड़ हो जाए, तो इसकी ग्रोथ रुक सकती है. अगर आपका करी पत्ते का पौधा (Curry Leaves Plant) भी नहीं बढ़ रहा है, तो इसके पीछे कुछ आम कारण हो सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं थोड़ी देखभाल करके आप अपने करी पत्ते के पौधे को फिर से हरा-भरा और तेजी से बढ़ने वाला कैसे बना सकते हैं.
सही धूप न मिलना
करी पत्ते का पौधा नहीं बढ़ने की सबसे बड़ी वजह धूप की कमी होती है. इस पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए रोजाना 6 से 8 घंटे सीधी धूप चाहिए. अगर इसे छायादार जगह या सिर्फ खिड़की की हल्की रोशनी मिल रही है, तो इसकी ग्रोथ रुक सकती है. ऐसे में पौधे को धीरे-धीरे ज्यादा धूप वाली जगह पर शिफ्ट करें.
जरूरत से ज्यादा पानी और खराब जल निकासी
कई बार लोग पौधे को हेल्दी रखने के लिए जरूरत से ज्यादा पानी दे देते हैं. इससे मिट्टी लगातार गीली रहती है और जड़ों में सड़न शुरू हो सकती है. करी पत्ते के पौधे को तभी पानी दें जब मिट्टी की ऊपरी 1 से 2 इंच परत सूख जाए. साथ ही, गमले में पानी निकालने के लिए ड्रेनेज होल जरूर होने चाहिए और मिट्टी हल्की व अच्छी जल निकासी वाली होनी चाहिए.
ठंड का असर
करी पत्ते का पौधा ठंडे मौसम को ज्यादा पसंद नहीं करता. जब तापमान ज्यादा नीचे चला जाता है, तो इसकी ग्रोथ रुक सकती है और पत्ते भी झड़ने लगते हैं. यह पौधा 21°C से 32°C के बीच सबसे अच्छी तरह बढ़ता है. अगर सर्दियों में आपका पौधा बढ़ना बंद कर देता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. ठंड के दिनों में इसे धूप और गर्म जगह पर रखें, ताकि मौसम बदलने पर यह फिर से तेजी से बढ़ सके.
गमला छोटा पड़ जाना
अगर करी पत्ते का पौधा कई सालों से एक ही छोटे गमले में लगा है, तो जड़ों को फैलने की जगह नहीं मिलती. इससे पौधे की ग्रोथ काफी धीमी हो जाती है. ऐसे में हर 2 से 3 साल में पौधे को बड़े गमले में लगाना बेहतर होता है. इससे जड़ों को पर्याप्त जगह मिलती है और पौधा दोबारा तेजी से बढ़ने लगता है.
यह भी पढ़ें:- पौधे रहेंगे कीड़े-मकौड़ों से दूर, ऐसे करें चॉक का इस्तेमाल, महिला ने बताया कमाल का हैक
यह भी पढ़ें:- बालकनी में लगाएं ये 5 पौधे, छोटे गमलों से भी बन जाएंगे बड़े और शानदार, देखकर रह जाएंगे हैरान
यह भी पढ़ें:- खाली पड़ी बालकनी रेलिंग बन सकती है मिनी गार्डन, ये 5 आसान DIY आइडियाज बदल देंगे लुक, हरियाली के साथ घर दिखेगा और भी खूबसूरत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं