विज्ञापन

क्या पौधों को बारिश में रखना चाहिए? जानें बारिश का पानी आपके पौधों के लिए अमृत है या जहर

अगर आपके घर में भी पौधे हैं, तो आपने देखा होगा कि मानसून आते ही उनकी ग्रोथ पहले से बेहतर हो जाती है. आइए जानते हैं इसका कारण, साथ ही जानेंगे बारिश के मौसम में पौधों की सही देखभाल कैसे करें-

क्या पौधों को बारिश में रखना चाहिए? जानें बारिश का पानी आपके पौधों के लिए अमृत है या जहर
क्या इंडोर प्लांट्स में बारिश का पानी डालना चाहिए?
(P.C- Freepik)

गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोगों के मन में अपने पौधों की देखरेख को लेकर कई सवाल होते हैं. इन्हीं में से एक सवाल यह भी है कि क्या बारिश में पौधों को बाहर रखना चाहिए या क्या बारिश में रखने से उनका पौधा मर तो नहीं जाएगा? अगर आप भी इन सवालों का जवाब जानना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. आइए जानते हैं बारिश का पानी आपके पौधों के लिए अमृत है या जहर- 

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

इसे लेकर गार्डनिंग एक्सपर्ट तारुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वे बताते हैं, बारिश शुरू होते ही घर की बालकनी, छत और गार्डन में लगे पौधे अचानक ज्यादा हरे-भरे नजर आने लगते हैं. कई बार बिना किसी खास देखभाल के भी पौधों की ग्रोथ बेहतर हो जाती है. इसकी एक बड़ी वजह बारिश का पानी ही है. 

गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, बारिश के पानी का pH लेवल पौधों के लिए अच्छा होता है. यह मिट्टी का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है. वहीं, नल के पानी में अक्सर क्लोरीन और दूसरे रसायन होते हैं, जो कुछ पौधों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं. यही वजह है कि मानसून आते ही पौधे तेजी से बढ़ने लगते हैं.

पौधों को मिलते हैं जरूरी पोषक तत्व

बारिश के पानी में प्राकृतिक रूप से नाइट्रेट मौजूद होता है, जो नाइट्रोजन का अच्छा स्रोत है. नाइट्रोजन पौधों की पत्तियों को हरा-भरा बनाने और उनकी ग्रोथ बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है. इसके अलावा, बारिश का पानी मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों और मिनरल्स को जड़ों तक पहुंचाने में भी मदद करता है. इससे पौधे जिंक, मैग्नीशियम, मैंगनीज और कॉपर जैसे जरूरी पोषक तत्व आसानी से अवशोषित कर पाते हैं.

इस बात का रखें ध्यान 

तारुण चोपड़ा बताते हैं, इन तमाम फायदों के बावजूद पौधों को ज्यादा देर तक बारिश में नहीं रखना चाहिए. 

बारिश का पानी फायदेमंद है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है. इससे पौधों की जड़ें सड़ने लगती हैं. इसलिए लगातार तेज बारिश होने पर गमलों को कुछ समय के लिए सुरक्षित जगह पर रखना बेहतर रहता है. साथ ही अपने पौधों को हमेशा ऐसे गमले में लगाएं जिनके नीचे पानी निकलने के लिए छेद हो. इससे एक्स्ट्रा पानी खुद गमले से निकल जाता है.  
क्या इंडोर प्लांट्स में बारिश का पानी डालना चाहिए?

अगर आपके घर में इंडोर प्लांट्स हैं, तो बारिश का साफ पानी स्टोर करके उन्हें भी दे सकते हैं. बस इस बात का ध्यान रखें कि पानी साफ बर्तन में रखा जाए.

इस तरह सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो बारिश का पानी पौधों के लिए किसी प्राकृतिक टॉनिक से कम नहीं है. यह उनकी ग्रोथ बढ़ाने, पत्तियों को हरा-भरा रखने और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में अहम भूमिका निभाता है.

यह भी पढ़ें- बारिश के मौसम में AC को किस मोड पर चलाना चाहिए? इस सेटिंग से कमरे में नहीं आएगी नमी और सीलन की बदबू
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle, Gardening
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com