Pital ka Ghada Kaise Saaf Karen: भारतीय घरों और पूजा-पाठ में पीतल, तांबे और कांस्य के बर्तनों का खूब इस्तेमाल होता है. चाहे पूजा का लोटा हो, रसोई का पीतल का घड़ा या फिर सजावट के बर्तन, हवा और पानी के संपर्क में आने के बाद इन पर ऑक्सीडेशन के कारण काले धब्बे और हरी काई जमना बेहद आम बात है. कई बार ज्यादा दिनों तक पानी भरा रहने से ये अंदर और बाहर दोनों तरफ से काफी बदरंग हो जाते हैं. अक्सर लोग इन्हें चमकाने के लिए महंगे केमिकल लिक्विड या पीतांबरी पाउडर का सहारा लेते हैं, जिनसे हाथों की त्वचा रूखी हो जाती है और बर्तनों की प्राकृतिक चमक भी धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगती है. ऐसे में अगर आप बिना किसी केमिकल और बिना घंटों की मेहनत के अपने पुराने-काले पड़े पीतल के घड़े को साफ करने का तरीका तलाश रहे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको घर में मौजूद 3 चीजों से एक क्लीनिंग सॉल्यूशन बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. इससे आसानी से काले से काला पीतल का बर्तन साफ हो जाएगा.
क्लीनिंग सॉल्यूशन बनाने के लिए जरूरी चीजें
- 2 गिलास सादा पानी
- 1 गिलास सफेद सिरका
- 3 से 4 बड़े चम्मच सादा नमक
- 1 बड़ा नींबू
- बड़ा टब या गहरा बर्तन
यह भी पढ़ें: गैस स्टोव के जाम और चिपचिपे नॉब्स को कैसे साफ करें? जानिए गैस बर्नर के नॉब्स को साफ करने का सही तरीका
कैसे साफ करें पीतल का बर्तन?
सबसे पहले एक बड़े आकार का बर्तन या कोई प्लास्टिक का टब लें ताकि आपका पीतल का घड़ा या लोटा उसमें अच्छी तरह डूब सके. इसके बाद इस टब में 2 गिलास पानी डालें. फिर इसमें 1 गिलास वाइट विनेगर और 3 से 4 बड़े चम्मच सादा नमक मिलाएं. फिर 1 बड़े नींबू का रस इसी पानी में निचोड़ दें. ध्यान रखें कि नींबू का रस निकालने के बाद उसके छिलके को फेंके नहीं, इसे आगे स्क्रबिंग के लिए संभाल कर रखें. चम्मच की मदद से पानी, नमक, सिरका और नींबू के रस को अच्छी तरह घोल लें.
अब काले दाग-धब्बे लगे पीतल के घड़े या बर्तन को इस घोल में पूरी तरह डुबोकर छोड़ दें. इसे कम से कम 3 से 4 घंटे के लिए इसी घोल में रहने दें. अगर बर्तन बहुत ज्यादा पुराना और उस पर जिद्दी हरी काई या काली परत जमी है, तो आप इसे 5 से 6 घंटे या रातभर के लिए भी छोड़ सकते हैं. विनेगर और नींबू में मौजूद नेचुरल एसिड नमक के साथ मिलकर धातु पर जमी ऑक्सीडेशन की परत को बिना रगड़े ही ढीला कर देते हैं.
3-4 घंटे बाद आप देखेंगे कि बर्तन का रंग पानी के अंदर ही काफी हल्का और साफ होने लगा है. अब बर्तन को घोल से बाहर निकालें। बचाकर रखे गए नींबू के छिलके पर थोड़ा सा सूखा नमक लगाएं. इस नमकीन नींबू के छिलके से बर्तन के अंदर और बाहर के हिस्सों पर हल्के हाथों से 1-2 मिनट रगड़ें. एसिड पहले ही मैल को काट चुका होता है, इसलिए आपको बिल्कुल भी ज्यादा ताकत लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिद्दी से जिद्दी दाग तुरंत गायब हो जाएंगे.
स्क्रबिंग के बाद बर्तन को सादे नल के पानी से अच्छी तरह धो लें. धोने के तुरंत बाद किसी सूखे और साफ सूती कपड़े से बर्तन को अच्छी तरह पोंछ लें ताकि पानी के सूखने पर कोई सफेद दाग न बनें.
पीतल चमकाने का आसान हैक
अगर आपके पास बर्तन को 3-4 घंटे पानी में भिगोकर रखने का समय नहीं है और आपको पूजा या मेहमानों के आने से पहले तुरंत बर्तन चमकाना है, तो यह क्विक हैक अपनाएं.
- आधा कटा हुआ नींबू लें और उसके कटे हुए भाग पर 1 चम्मच नमक छिड़क लें.
- इसे सीधे काले पड़े पीतल के घड़े या लोटे पर गोल-गोल घुमाते हुए रगड़ें.
- रस खत्म होने पर थोड़ा सिरका नींबू के छिलके पर डालें और दोबारा रगड़ें.
- इससे केवल 2 मिनट में बर्तन चमक उठेगा. इसके बाद पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें.
यह भी पढ़ें: घर में घुस आई है छछूंदर? जानें घर से छछूंदर भगाने का सबसे असरदार तरीका, दोबारा नहीं दिखेगी
यह भी पढ़ें: बंदर सबसे ज्यादा किस चीज से डरते हैं? बंदर भगाने का पौधा छत पर लगा दें खौफ में पैर भी नहीं रखेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं