सर्दियों का मौसम शुरू होते ही अलमारी में रखे स्वेटर, जैकेट और दूसरे गर्म कपड़े बाहर निकल आते हैं. लेकिन कई बार इन्हें पहनने से पहले एक परेशानी का सामना करना पड़ता है. अलमारी में फिनायल की गोलियां रखने की वजह से ऊनी कपड़ों में तेज गंध आ जाती है. इस बदबू के कारण कपड़े पहनने का मन नहीं करता. वहीं, ऊनी कपड़ों को बार-बार धोना भी आसान नहीं होता है. क्योंकि इन्हें सूखने में समय लगता है और गलत तरीके से धोने पर कपड़े खराब भी हो सकते हैं. अगर आपके गर्म कपड़ों में भी फिनायल की गंध आ रही है तो कुछ आसान तरीके अपनाकर इसे कम कर सकते हैं.
धूप और खुली हवा में रखें गर्म कपड़े
कपड़ों से फिनायल की गंध कम करने का सबसे आसान तरीका है, उन्हें कुछ समय खुली हवा में रखना. इसके लिए स्वेटर या जैकेट को हैंगर पर टांगकर हवादार जगह पर छोड़ दें. हल्की धूप में भी इन्हें रखा जा सकता है, लेकिन तेज धूप में लंबे समय तक रखने से पहले कपड़े की देखभाल से जुड़े निर्देश जरूर देख लें. ऊनी कपड़ों को बार-बार पलटने से उनमें हवा अच्छी तरह पहुंचती है.

सिरके और पानी
सफेद सिरके और पानी का घोल कपड़ों की गंध कम करने में मदद कर सकता है, लेकिन इसे हर तरह के ऊनी कपड़े पर इस्तेमाल करना सही नहीं है. सिरका सीधे कपड़ों पर छिड़कने से पहले कपड़े के किसी छिपे हुए हिस्से पर चेक कर लें.
बेकिंग सोडा
कपड़ों से फिनायल की गंध को दूर करने के लिए बेकिंग सोड़ा असरदार हो सकता है. इसे कपड़ों पर सीधे छिड़कने के बजाय एक कटोरी में भरकर अलमारी के पास रख सकते हैं. ध्यान रखें कि बेकिंग सोडा कपड़ों के संपर्क में न आए. इससे कपड़ों पर सफेद निशान बन सकते हैं.
खुशबूदार पाउच
अलमारी में सूखी लैवेंडर या गुलाब की पंखुड़ियों वाला खुशबूदार पाउच रख सकते हैं. इससे अलमारी में हल्की खुशबू बनी रह सकती है. हालांकि, ये फिनायल की गंध को खत्म करने का पक्का उपाय नहीं है. ये सिर्फ थोड़ी खूशबू बनाने के लिए है.
फिनायल की गोलियां कैसे रखें
फिनायल की तेज गंध से बचने के लिए इन्हें कपड़ों के सीधे संपर्क में न रखें. बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से भी दूर रखें. अगर गंध बहुत तेज है और हवा में रखने के बाद भी नहीं जा रही तो कपड़े के केयर लेबल के मुताबिक सफाई कराएं या ड्राई क्लीनिंग का ऑप्शन चुनें.
यह भी पढ़ें:- ततैया का छत्ता कैसे हटाएं? घर से ततैया भगाने की दवा कौन सी है, बिरनी के काटने पर क्या करना चाहिए
यह भी पढ़ें:- नॉन-स्टिक पैन से जिद्दी चिकनाई कैसे हटाएं? पैन के जले हुए दाग हटाने का आसान तरीका
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं