विज्ञापन

सोने का 'मिलिट्री स्लीप मेथड' क्या है? इससे 120 सेकंड में आ सकती है नींद, जानें कैसे करता है काम

अगर आपको नींद आने में परेशानी होती है, तो आप 'मिलिट्री स्लीप मेथड' की मदद ले सकते हैं. दावा किया जाता है कि इस मेथड को फॉलो करने से 120 सेकंड के अंदर गहरी और अच्छी नींद आ जाती है. आइए जानते हैं कैसे-

सोने का 'मिलिट्री स्लीप मेथड' क्या है? इससे 120 सेकंड में आ सकती है नींद, जानें कैसे करता है काम
क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड?
(Photo Credit: Freepik)

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अच्छी और सुकून भरी नींद आना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. कई बार बिस्तर पर जाने के बाद लोग घंटों तक करवटें बदलते रहते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको 'मिलिट्री स्लीप मेथड' के बारे में बता रहे हैं. दावा किया जाता है कि इस ट्रिक से 120 सेकंड यानी 2 मिनट के अंदर व्यक्ति गहरी नींद में सो सकता है. आइए जानते हैं कि आखिर क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड और यह कैसे काम करता है. 

क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड?

मिलिट्री स्लीप मेथड एक रिलैक्सेशन तकनीक है. इसका जिक्र अमेरिकी ट्रैक एंड फील्ड कोच लॉयड बड विंटर की किताब Relax and Win: Championship Performance में मिलता है. किताब में बताया गया है कि इस तकनीक को सेकंड वर्ल्ड वॉर के दौरान अमेरिकी नौसेना के पायलटों के लिए तैयार किया गया था. वहीं, लगातार अभ्यास के बाद यह तरीका 96 प्रतिशत लोगों के लिए असरदार साबित हुआ था.

कैसे करता है काम?

इस तकनीक की मदद से शरीर और दिमाग दोनों को पूरी तरह शांत किया जाता है. जब शरीर का तनाव कम होता है और दिमाग शांत हो जाता है, तो व्यक्ति को गहरी और अच्छी नींद आ जाती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इस पूरे प्रोसेस में करीब 120 सेकंड ही लगते हैं.

क्या करें?

मिलिट्री स्लीप मेथड में सबसे पहले बॉडी को पूरी तरह रिलैक्स करने पर फोकस किया जाता है. इसके लिए-

  • पहले अपने चेहरे को पूरी तरह रिलैक्स करें. आंख, गाल, जबड़े और मुंह की सभी मांसपेशियों को ढीला छोड़ दें. 
  • इसके बाद अपने कंधों को आराम दें और हाथों को शरीर के दोनों तरफ ढीला छोड़ दें.
  • अब धीरे-धीरे गहरी सांस छोड़ते हुए छाती को रिलैक्स करें. 
  • इसके बाद पैरों, जांघों और पिंडलियों की मांसपेशियों को भी ढीला छोड़ दें. 
  • आखिर में करीब 10 सेकंड तक अपने मन में किसी शांत जगह, जैसे पहाड़, समुद्र का किनारा या किसी हरी-भरी वादी के बारे में सोचें. जितना हो सके दिमाग को रिलैक्स करें और गहरी सांस लेते रहें.

ऐसा करने से आपको 120 सेकंड के अंदर ही नींद आ सकती है.

इन बातों का रखें ध्यान

किताब में बताया गया है कि मिलिट्री स्लीप मेथड का असर लगातार 6 हफ्तों तक अभ्यास करने के बाद दिखना शुरू हुआ था. साथ ही इस तकनीक का असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है. अगर आपको स्ट्रेस, एंग्जायटी  या एडीएचडी जैसी समस्या है, तो आपको थोड़ा और समय लग सकता है. ऐसे में कुछ समय बॉडी और ब्रेन को रिलैक्स कर कोशिश करते रहें.

इन बातों का भी रखें ध्यान 

मिलिट्री स्लीप मेथड को फॉलो करने के साथ-साथ अच्छी नींद के लिए लाइफस्टाइल में और भी कुछ जरूरी सुधार करें. जैसे- 

  • सबसे पहले हर दिन एक तय समय पर सोने और उठने की कोशिश करें. 
  • सोने से पहले मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल कम करें. 
  • कमरे का माहौल शांत और आरामदायक रखें. 
  • इसके अलावा रोज थोड़ी देर समय निकालकर मेडिटेशन जरूर करें. 

यह भी पढ़ें- Weight Loss करने के लिए Cardio पहले करना चाहिए या Weight Lifting? जिम जाते हैं तो जान लें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sleep, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com