विज्ञापन

छोटे बच्चे को नहलाते समय कभी न करें ये 8 गलतियां, Pediatrician ने बताया बच्चों को हफ्ते में कितने दिन नहलाना चाहिए

नवजात शिशु को नहलाते समय थोड़ी-सी लापरवाही भी उसकी नाजुक त्वचा और सेहत पर असर डाल सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि बच्चे को नहलाते समय किन गलतियों से बचना चाहिए और सही तरीका क्या है.

छोटे बच्चे को नहलाते समय कभी न करें ये 8 गलतियां, Pediatrician ने बताया बच्चों को हफ्ते में कितने दिन नहलाना चाहिए
बच्चों को हफ्ते में कितने दिन नहलाना चाहिए?
(Photo Credit: Freepik)

माता-पिता अपने बच्चे से जुड़ी हर छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हैं. खासकर नवजात शिशु को लेकर माता-पिता के मन में कई सवाल होते हैं. इन्हीं सवालों में से एक है कि शिशु को कितने दिनों में नहलाना चाहिए? मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में बच्चों के डॉक्टर ने इस सवाल का जवाब दिया है. साथ ही डॉक्टर ने कुछ आम गलतियों के बारे में भी बताया है, जिन्हें अक्सर पेरेंट्स अनजाने में कर बैठते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

बच्चों को हफ्ते में कितने दिन नहलाना चाहिए?

डॉक्टर रवि मलिक के मुताबिक, नवजात बच्चे को रोज नहलाने की जरूरत नहीं होती है. इससे उसकी त्वचा का नेचुरल ऑयल खत्म हो सकता है और स्किन ड्राई हो सकती है. डॉक्टर बताते हैं, नवजात शिशु को हफ्ते में 2 से 3 बार नहलाना काफी होता है. बाकी दिनों में साफ और मुलायम कपड़े से शरीर की सफाई की जा सकती है.

पानी का तापमान रखें सही

बच्चे को नहलाने के लिए बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. गर्म पानी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है और जलन भी पैदा कर सकता है. हमेशा हल्का गुनगुना पानी इस्तेमाल करें, जिसका तापमान करीब 37 से 38 डिग्री सेल्सियस हो. यह बच्चे के शरीर के तापमान के करीब होता है और उसकी त्वचा के लिए सुरक्षित माना जाता है.

जरूरत से ज्यादा प्रोडक्ट न लगाएं

बच्चे की त्वचा बहुत नाजुक होती है. इसलिए एक साथ साबुन, शैंपू और खुशबू वाले कई प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से बचें. जितने कम और हल्के प्रोडक्ट इस्तेमाल होंगे, बच्चे की त्वचा उतनी ही सुरक्षित रहेगी.

बच्चे को सही तरीके से पकड़ें

नहलाते समय बच्चे के फिसलने का खतरा रहता है. इसलिए हमेशा उसके सिर और गर्दन को अच्छी तरह सहारा दें. इससे बच्चा सुरक्षित महसूस करता है और हादसे की संभावना भी कम हो जाती है.

ज्यादा देर तक न नहलाएं

बच्चे को 5 से 10 मिनट से ज्यादा देर तक पानी में नहीं रखना चाहिए. लंबे समय तक नहलाने से त्वचा की नमी कम हो जाती है और स्किन ड्राई होने लगती है.

नहाने के बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं

नहाने के बाद बच्चे की त्वचा जल्दी ड्राई हो सकती है. ऐसे में हल्का और बच्चों के लिए सुरक्षित मॉइस्चराइजर लगाने से त्वचा मुलायम बनी रहती है और रूखापन नहीं होता.

दूध पिलाने के तुरंत बाद न नहलाएं

अगर बच्चे ने अभी दूध पिया है तो उसे तुरंत न नहलाएं. ऐसा करने से उसे असहज महसूस हो सकता है या उल्टी भी हो सकती है. दूध पिलाने के कम से कम 20 से 30 मिनट बाद ही बच्चे को नहलाएं.

ऐसे में अगली बार आप जब भी अपने बच्चे को नहलाएं, तो इन बातों का ख्याल जरूर रखें. 

यह भी पढ़ें- Sibling Rivalry:माता-पिता की इस एक गलती की वजह से होती है भाई-बहनों में लड़ाई, बढ़ जाती हैं रिश्ते में दूरियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com