How to Dry Wet Shoes: दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों में झमाझम बारिश देखने को मिल रही है. लेकिन इसके बावजूद भी जरूरी कार्यों और ऑफिस के कारण लोगों को घर से बाहर निकलना पड़ रहा है. मानसून के इस सीजन में सबसे ज्यादा समस्या गीले जूतों की रहती है. धूप न निकलने और नमी के कारण जूते काफी दिनों तक गीले रहते हैं और फिर बदबू आने की समस्या बनी रहती है. साथ ही जूते गीले होने के कारण खराब होने का खतरा भी रहता है. अगर आप भी इसी समस्या से परेशान हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको 5 जरूरी टिप्स बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप जूतों को जल्दी सुखा सकते हैं.
1. पानी निकालें
कई लोग गीले जूतों को सीधा हीटर या हवा वाली जगह पर रख देते हैं. लेकिन इससे पहले जूतों का सारा पानी निकालना बहुत ज्यादा जरूरी है. इसके लिए आप जूतों को हल्का दबा सकते हैं या फिर झाड़ सकते हैं. इससे एक्सट्रा पानी निकल जाएगा. इसके अलावा अगर जूतों में फीते हैं, तो उन्हें भी अलग कर दें.
2. पंखे में रखें
मानसून में धूप काफी कम होती है. ऐसे में आप जूतों को सुखाने के लिए उन्हें पंखे की हवा में रख दें. लगातार हवा में रहने से जूतों की नमी चली जाती है और जल्दी सूखने में मदद मिलती है. इसके अलावा गीले जूतों को अलमारी या बंद जगह पर न रखें. हवा का सही फ्लो न होने के कारण बदबू की समस्या बन सकती है.
3. अखबार
जूतों की नमी को सुखाने के लिए अखबार आपकी मदद कर सकता है. इसके लिए आप अखबार को छोटे-छोटे हिस्सों में कर जूतों के अंदर रख दें. इससे अखबार जूतों की नमी को सोख लेगा और जल्दी सूखने में मदद मिलेगी. साथ ही कुछ देर बाद जब अखबार गीला महसूस हो तो उसे बदल दें.
4. सिलिका जेल
जूतों को सुखाने के लिए आप सिलिका जेल की मदद ले सकते हैं. अगर आपके घर में सिलिका जेल के पैकेट्स मौजूद हैं, तो जूते के अंदर डाल दें और छोड़ दें. इससे नमी कम हो जाएगी. इसके अलावा आप नमक का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आप थोड़ा सा नमक लेकर कपड़े में बांधें और जूतों में रख दें. ये भी नमी सुखाने में मदद करता है.
5. हेयर ड्रायर
अगर आपके पास जूते सुखाने का ज्यादा समय नहीं है तो आप हेयर ड्रायर की मदद ले सकते हैं. इसके लिए आप हेयर ड्रायर की गर्म हवा का इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन ध्यान रखें कि हवा का टेंपरेचर ज्यादा गर्म न हो, वरना जूतों का कपड़ा या गोंद खराब हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Monsoon Home Care: दीवारों पर फफूंद लग गई, फंगस को रोकने के 5 आसान तरीके
यह भी पढ़ें: बारिश में घर पर हो रहे हैं बोर? परिवार और बच्चों के साथ खेलें ये 5 बोर्ड गेम्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं