शादी को आमतौर पर दो लोगों के बीच प्यार, भरोसे और साथ का रिश्ता माना जाता है. लेकिन हर शादी एक जैसी नहीं होती. आज के बदलते दौर में रिश्तों को लेकर लोगों की सोच भी बदल रही है. जैसे कुछ कपल एक ही घर में रहते हुए भी एक-दूसरे से भावनात्मक रूप से दूर हो जाते हैं, तो कुछ पति-पत्नी अलग-अलग घरों में रहते हैं, फिर भी उनका रिश्ता मजबूत बना रहता है. अब, लोगों ने इस तरह के रिश्तों को नाम देना भी शुरू कर दिया है. जैसे- जोंबि मैरिज (Zombie Marriage), लैवेंडर मैरिज (Lavender Marriage) और LAT Marriage. आइए आसान भाषा में समझते हैं इनका मतलब-
Zombie Marriage क्या होती है?
जोंबि मैरिज ऐसी शादी को कहा जाता है जिसमें दो लोगों के बीच बस नाम का रिश्ता रह गया हो. पति-पत्नी बाहर से एक कपल की तरह नजर आते हैं, दोस्तों और परिवार के बीच कपल की तरह ही रहते हैं लेकिन उनके बीच प्यार, बातचीत और भावनात्मक जुड़ाव काफी कम हो चुका होता है.
ऐसे कपल कई बार बच्चों की वजह से, परिवार के दबाव में या समाज क्या कहेगा, इस डर से साथ रहते हैं. कुछ लोग आर्थिक कारणों या अपनी सामाजिक और प्रोफेशनल इमेज को बनाए रखने के लिए भी शादी को खींचते रखते हैं.
Lavender Marriage क्या होती है?लैवेंडर मैरिज ऐसी शादी को कहा जाता जिसमें पति, पत्नी या दोनों हेट्रोसेक्सुअल (Heterosexual) नहीं होते. आसान शब्दों में कहें तो कोई एक या दोनों पार्टनर समलैंगिक (Gay/Lesbian) होते हैं. परिवार, धर्म या समाज के दबाव के कारण कुछ लोग अपनी पहचान छिपाने के लिए ऐसी शादी करते हैं. अब, कुछ मामलों में दोनों पार्टनर को एक-दूसरे की स्थिति की जानकारी होती है और वे आपसी समझ से शादी निभाते रहते हैं, तो कुछ मामलों में लोग पार्टनर से भी ये बात छिपाकर रखते हैं.
LAT Marriage क्या होती है?LAT का मतलब है Living Apart Together. यानी इस रिश्ते में पति-पत्नी शादीशुदा होते हैं, एक-दूसरे के प्रति कमिटेड भी रहते हैं, लेकिन दोनों अलग-अलग घरों में रहते हैं. इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं. जैसे दोनों की नौकरी अलग-अलग शहरों में होना, करियर पर ध्यान देना, परिवार की जिम्मेदारी तो कुछ लोग पर्सनल स्पेस के लिए भी ऐसा करते हैं. दो लोग शादी के रिश्ते को पूरी तरह निभाते हैं, दोनों के बीच प्यार और सम्मान रहता है बस वे एक ही घर में नहीं रहते.
Open Marriage क्या होती है?ओपन मैरिज में पति-पत्नी आपसी सहमति से शादी के बाहर दूसरे लोगों के साथ भी रोमांटिक संबंध रखते हैं. दो लोग पहले ही इसे लेकर खुलकर बात करते हैं, कुछ नियम तय करते हैं और इस तरह अपनी शादी को निभाते हैं.
यानी आज शादी का मतलब हर कपल के लिए एक जैसा नहीं रह गया है. कोई साथ रहकर खुश है, कोई अलग घर में रहकर भी रिश्ते को अच्छी तरह निभाता है. वहीं, कुछ रिश्ते सिर्फ सामाजिक या पारिवारिक कारणों से चलते रहते हैं.
यह भी पढ़ें- हर दिन अपने जीवनसाथी से जरूर कहें ये 4 बातें, शादीशुदा जिंदगी में बढ़ेगा प्यार, रिश्ता होगा मजबूत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं