Prevent Fungus On Walls: बरसात के मौसम में जब दीवारों पर कई दिनों तक नमी बनी रहती है और कमरे में ताजी हवा का आना-जाना कम हो जाता है, तो फंगस लगना शुरू हो जाता है. शुरुआत में यह छोटे-छोटे काले धब्बों के रूप में दिखाई देता है, लेकिन जब तक ये साफ नजर आने लगते हैं, तब तक फंगस (Fungus) दीवारों की सतह में अच्छी तरह फैल चुका होता है. मानसून के दौरान दीवारें ज्यादा नमी सोख लेती हैं. बाथरूम लंबे समय तक गीले रहते हैं, खिड़कियों पर पानी की बूंदें जम जाती हैं और कई बार छोटी-मोटी लीकेज का पता तब चलता है, जब दीवारों पर दाग दिखाई देने लगते हैं.
फंगस सिर्फ घर की सुंदरता ही खराब नहीं करता, बल्कि पेंट को नुकसान पहुंचाता है, बदबू पैदा करता है और फैलने के बाद इसे हटाना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में फंगस (Fungus Prevent) को रोकना, बाद में हटाने की तुलना में कहीं आसान है. रोजमर्रा की कुछ आसान आदतें अपनाकर आप बरसात के मौसम में दीवारों को सूखा रख सकते हैं और फंगस बनने की संभावना को काफी हद तक कम कर सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं 5 आसान तरीके, जिनकी मदद से आप घर की दीवारों को फंगस और सीलन से बचा सकते हैं.
घर में हवा का सही आना-जाना सुनिश्चित करें
जिन कमरों में ताजी हवा नहीं पहुंचती, वहां नमी जल्दी जमा हो जाती है. बरसात के मौसम में भी जब मौसम साफ हो, तो खिड़कियां और दरवाजे कुछ समय के लिए जरूर खोलें. इससे कमरे की नम हवा बाहर निकलती है और अंदर ताजी हवा आती है. अगर, कमरे में दो तरफ से हवा आने-जाने का रास्ता हो, तो यह और भी बेहतर होता है.
फर्नीचर को दीवार से थोड़ा दूर रखें
अक्सर लोग अलमारी, बेड या सोफा दीवार से बिल्कुल सटाकर रख देते हैं. इससे दीवार और फर्नीचर के बीच की जगह में हवा नहीं पहुंच पाती और नमी फंस जाती है. समय के साथ इस छिपी हुई नमी के कारण फर्नीचर के पीछे फंगस लगना शुरू हो सकता है, जिसका पता काफी देर से चलता है. इसलिए फर्नीचर को दीवार से कुछ सेंटीमीटर दूर रखें. इससे हवा का फ्लो बना रहेगा और अगर कहीं सीलन या नमी दिखे तो उसे समय रहते पहचानकर ठीक किया जा सकेगा.
पानी की लीकेज को तुरंत ठीक कराएं
पाइप से पानी टपकना, खिड़की के फ्रेम में दरार होना या छत से रिसाव होना शुरुआत में छोटी समस्या लग सकती है, लेकिन लगातार होने वाली थोड़ी-सी लीकेज भी दीवार को हमेशा नम बनाए रखती है. फंगस ऐसी ही जगहों पर तेजी से पनपता है, जहां नमी लंबे समय तक बनी रहती है. इसलिए जैसे ही लीकेज का पता चले, उसे तुरंत ठीक करवा लें. इससे दीवारों के अंदर नमी जमा नहीं होगी और पेंट या प्लास्टर के पीछे फंगस बनने का खतरा भी कम हो जाएगा.
किचन और बाथरूम की नमी कम रखें
खाना बनाते समय और नहाने के दौरान काफी मात्रा में भाप निकलती है. अगर यह भाप बाहर नहीं निकलती, तो दीवारों और छत पर नमी के रूप में जम जाती है. इसे रोकने के लिए किचन और बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें. खाना बनाते समय या नहाने के बाद कुछ देर तक फैन चलाने से नम हवा बाहर निकल जाती है.
दीवारों और खिड़कियों पर जमी नमी साफ करें
बरसात और उमस भरे मौसम में अक्सर खिड़कियों, टाइल्स और पेंट की गई दीवारों पर पानी की छोटी-छोटी बूंदें जम जाती हैं. अगर यह नमी लंबे समय तक बनी रहे, तो फंगस पनपने के लिए अनुकूल माहौल बन जाता है. इसलिए जैसे ही आपको ऐसी नमी दिखाई दे, उसे सूखे कपड़े से पोंछ दें. यह छोटी-सी आदत दीवारों को सूखा रखने में मदद करती है और फंगस बनने की संभावना को काफी हद तक कम कर देती है.
यह भी पढ़ें:- Mehandi Design: हरियाली तीज मेहंदी हैक्स, 10 मिनट में लगने वाले सबसे आसान और मॉडर्न मेहंदी डिजाइन्स
यह भी पढ़ें:- सुबह उठते ही ऑफिस जाने का मन नहीं करता? एक्सपर्ट के बताए 4 मॉर्निंग हैक्स, जो बदल सकते हैं आपका पूरा दिन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं