Pedicure At Home: गर्मी और धूल भरे मौसम में सबसे ज्यादा असर हमारे पैरों पर पड़ता है. दिनभर चप्पल या जूते पहनने से पैर गंदे हो जाते हैं, एड़ियां फटने लगती हैं और स्किन रूखी दिखने लगती है. कई लोग चेहरे और बालों का तो खूब ख्याल रखते हैं, लेकिन पैरों को नजरअंदाज कर देते हैं. ऐसे में अगर आप बिना पार्लर जाए घर पर ही अपने पैरों को साफ, मुलायम और चमकदार बनाना चाहते हैं, तो यह आसान देसी पेडिक्योर आपके बहुत काम आ सकता है. खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें आपके किचन में ही आसानी से मिल जाती हैं.
पेडीक्योर के लिए क्यों फायदेमंद है चावल का आटा?
चावल का आटा स्किन के लिए बहुत अच्छा माना जाता है. यह एक नेचुरल स्क्रब की तरह काम करता है और पैरों की डेड स्किन को धीरे-धीरे हटाता है. इससे त्वचा साफ और मुलायम बनती है. जब इसे दूध, शहद और तेल के साथ मिलाया जाता है, तो यह स्किन को नमी भी देता है और उसे हेल्दी बनाता है.
पेडीक्योर के लिए जरूरी सामग्री- (Ingredients For Doing Pedicure At Home)
- 2 चम्मच चावल का आटा
- 2 चम्मच कच्चा दूध
- 1 चम्मच शहद
- 1 चम्मच नारियल तेल
- गुनगुना पानी (पैर भिगोने के लिए)

Photo Credit: Pexels
यह भी पढ़ें- बाजार से लाए अंगूर निकल गए हैं बहुत खट्टे, डस्टबिन में फेंके नहीं, बनाएं मजेदार सब्जी
ऐसे करें घर पर पेडिक्योर- (How To Do Pedicure At Home)
- सबसे पहले एक टब में गुनगुना पानी लें और उसमें अपने पैरों को 10 से 15 मिनट तक भिगोकर रखें. इससे पैरों की गंदगी ढीली हो जाती है और सख्त त्वचा नरम होने लगती है.
- इसके बाद एक बाउल में चावल का आटा, दूध, शहद और नारियल तेल डालकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें.
- अब इस पेस्ट को पैरों पर लगाएं और हल्के हाथों से स्क्रब करें. एड़ियों और उंगलियों के बीच खास ध्यान दें, क्योंकि वहां सबसे ज्यादा डेड स्किन जमा होती है.
- करीब 5 से 10 मिनट तक धीरे-धीरे मसाज करने के बाद पैरों को साफ पानी से धो लें.
बेहतर रिजल्ट के लिए अपनाएं ये टिप्स- (Tips For Doing Home Pedicure)
पैर धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह सुखा लें और फिर नारियल तेल या कोई मॉइस्चराइजर लगाकर हल्की मसाज करें. अगर आप यह उपाय रात में करते हैं और उसके बाद मोजे पहनकर सोते हैं, तो सुबह तक आपके पैर काफी मुलायम महसूस होंगे.
अगर आपकी स्किन बहुत सेंसिटिव है, तो पहले इस पेस्ट को हाथ पर लगाकर टेस्ट कर लें. हफ्ते में 2 से 3 बार इस देसी पेडिक्योर को अपनाने से धीरे-धीरे पैरों की चमक वापस आने लगती है. यह आसान और सस्ता उपाय आपके पैरों को घर बैठे खूबसूरत और हेल्दी बना सकता है.
Watch Video: ब्रश करने के बाद भी कैविटी क्यों होती है? डॉक्टर ने बताया कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं