हर कोई चाहता है कि उनकी स्किन हमेशा साफ, हेल्दी और चमकदार दिखे. इसके लिए लोग सीरम, मॉइस्चराइजर, सनस्क्रीन और कई तरह के स्किनकेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन कई बार नियमित स्किनकेयर करने के बाद भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता. इसकी एक बड़ी वजह प्रोडक्ट्स को गलत मात्रा में लगाना हो सकती है. हाल ही में डर्मेटोलॉजिस्ट सुगन्या नायडू ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर ने बताया है कि हर स्किनकेयर प्रोडक्ट की सही मात्रा होती है. अगर आप जरूरत से ज्यादा या बहुत कम प्रोडक्ट लगाते हैं, तो आपकी स्किन को उसका पूरा फायदा नहीं मिल पाता है. ऐसे में आइए डॉक्टर से जानते हैं किस प्रोडक्ट को स्किन पर कितनी मात्रा में लगाना चाहिए-
सही मात्रा क्यों है जरूरी?
डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, ज्यादातर लोगों को लगता है कि ज्यादा प्रोडक्ट लगाने से जल्दी असर दिखेगा, लेकिन ऐसा नहीं होता. जरूरत से ज्यादा प्रोडक्ट लगाने से त्वचा पर जलन, रेडनेस या स्किन बैरियर को नुकसान हो सकता है. वहीं, बहुत कम मात्रा लगाने से प्रोडक्ट ठीक से काम नहीं करता. इसलिए हर प्रोडक्ट को सही मात्रा में लगाना सबसे जरूरी है.
सीरम कितना लगाएं?अगर आप फेस सीरम का इस्तेमाल करते हैं, तो पूरे ड्रॉपर को भरने की जरूरत नहीं है. डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, चेहरे के लिए सीरम की सिर्फ 1 से 2 बूंदें ही काफी होती हैं. इससे पूरा चेहरा आसानी से कवर हो जाता है और स्किन को जरूरी पोषण भी मिल जाता है.
रेटिनॉल और दूसरी एक्टिव क्रीम की सही मात्राडॉक्टर बताती हैं, रेटिनॉल, ट्रेटिनॉइन, एडापेलीन (Adapalene) और बेंजोयल पेरोक्साइड (Benzoyl peroxide) जैसे एक्टिव इंग्रीडिएंट्स वाली क्रीम हमेशा मटर के दाने (Pea Size) जितनी मात्रा में ही लगानी चाहिए. इससे ज्यादा लगाने पर फायदा नहीं बढ़ता, बल्कि त्वचा में जलन, ड्राईनेस और छिलने जैसी परेशानी हो सकती है.
डॉक्टर की दी हुई मेडिकेटेड क्रीम कितनी मात्रा में लगाएं?अगर आप डॉक्टर की बताई हुई कोई मेडिकेटेड क्रीम लगा रहे हैं, तो उसकी सही मात्रा 'वन फिंगरटिप यूनिट' मानी जाती है. यानी ट्यूब से क्रीम को फिंगरटिप तक निकालें और केवल उतनी ही क्रीम को चेहरे पर लगाएं.
सनस्क्रीन लगाने का सही तरीकाइन सब से अलग डर्मेटोलॉजिस्ट सनस्क्रीन को स्किनकेयर का सबसे जरूरी हिस्सा बताती हैं. अगर आप केवल चेहरे पर सनस्क्रीन लगा रहे हैं, तो दो उंगलियों के बराबर की मात्रा काफी है. वहीं, गर्दन भी कवर करने के लिए 3 उंगलियों के बराबर सनस्क्रीन लगाएं.
इस बात का रखें ध्यानडर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, अच्छा स्किनकेयर सिर्फ महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने से नहीं होता, बल्कि उन्हें सही तरीके से और सही मात्रा में लगाने से होता है. अगर आप रोजाना अपनी स्किन की जरूरत के हिसाब से सही मात्रा में प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करेंगे, तो आपकी स्किन हेल्दी रहेगी और धीरे-धीरे उसका बेहतर असर भी दिखाई देगा.
अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.
यह भी पढ़ें- आम के गूदे और दही से बना लें होममेड फेस पैक, निखर जाएगा चेहरा, स्किन करेगी ग्लो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं