पहले के समय में जब महंगे हेयर सीरम और ब्यूटी प्रोडक्ट्स नहीं होते थे, तब लोग बालों की देखभाल के लिए घरेलू नुस्खों पर भरोसा करते थे. इन्हीं में से एक था करी पत्ते से बना हेयर ऑयल. करी पत्ता पोषक तत्वों और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर माना जाता है, इसलिए इसे लंबे समय से बालों को हेल्दी रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है. आज भी कई लोग बालों की देखभाल के लिए करी पत्ते को अलग-अलग तेलों में मिलाकर इस्तेमाल करते हैं. यह तरीका आसान होने के साथ-साथ काफी लोकप्रिय भी है. अगर आप घर पर करी पत्ते का तेल बनाना चाहते हैं, तो इन 5 तेलों के साथ करी पत्ते को मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं.
नारियल तेल और करी पत्ता
नारियल तेल और करी पत्ते का मिश्रण बालों की देखभाल के लिए सबसे घरेलू उपायों में से एक माना जाता है. भारत में लंबे समय से लोग इस तेल का इस्तेमाल बालों की मालिश के लिए करते आ रहे हैं. नारियल तेल बालों को गहराई से नमी देने में मदद करता है, जबकि करी पत्ता बालों को पोषण देने के लिए जाना जाता है. अगर, आपके बाल रूखे, बेजान या डैमेज हो गए हैं, तो नारियल तेल में करी पत्ते को उबालकर तैयार किया गया तेल उपयोगी हो सकता है.
जर्नल ऑफ कॉस्मेटिक साइंस में छपी एक रिसर्च के अनुसार, नारियल तेल बालों में प्रोटीन की कमी को कम करने में मदद कर सकता है. यही कारण है कि इसे बाल धोने से पहले और बाद में भी इस्तेमाल किया जाता है. करी पत्ते के साथ इसका मिश्रण बालों की देखभाल के लिए एक आसान और पारंपरिक विकल्प माना जाता है.
जोजोबा ऑयल और करी पत्ता
अगर आप बालों में हल्का तेल लगाना पसंद करते हैं, तो जोजोबा ऑयल आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इसकी बनावट सिर की प्राकृतिक नमी से काफी मिलती-जुलती है. यही वजह है कि यह कई हेयर और स्किन केयर प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल किया जाता है. करी पत्ते के साथ जोजोबा ऑयल मिलाकर लगाने से बालों को पोषण मिल सकता है और हेयर ऑयलिंग रूटीन को एक नया अंदाज मिल सकता है. यह खासतौर पर उन लोगों के लिए अच्छा माना जाता है जिनकी स्कैल्प सामान्य या तैलीय होती है.
तिल का तेल और करी पत्ता
तिल का तेल सदियों से बालों और स्कैल्प की देखभाल के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है. जब इसे करी पत्ते के साथ मिलाया जाता है, तो यह बालों को पोषण देने वाला एक बेहतरीन हेयर ऑयल बन सकता है. अगर, आप बाल धोने से पहले गहराई से देखभाल करने वाला तेल लगाना चाहते हैं, तो तिल का तेल और करी पत्ते का मिश्रण अच्छा विकल्प हो सकता है. इसे हल्के हाथों से स्कैल्प पर मसाज करने से तेल अच्छी तरह फैलता है और सिर की त्वचा को आराम महसूस हो सकता है.
बादाम का तेल और करी पत्ता
अगर, आपको पारंपरिक तेल थोड़ा ज्यादा गाढ़ा लगता है, तो बादाम का तेल एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यह हल्का होता है और बालों में आसानी से लग जाता है. जब इसमें करी पत्ते मिलाए जाते हैं, तो यह बालों की देखभाल के लिए एक पौष्टिक हर्बल तेल बन जाता है. यह उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जाता है जिनके बाल बेजान दिखते हैं या बालों के सिरे रूखे रहते हैं. बाल धोने से पहले इस तेल से हल्की मालिश करने पर बालों को नमी और पोषण मिल सकता है, जिससे वे अधिक मुलायम और चमकदार नजर आते हैं.
आंवला तेल और करी पत्ता
बालों की देखभाल की बात हो और आंवला का नाम न आए, ऐसा कम ही होता है. सदियों से आंवले का इस्तेमाल विभिन्न हेयर ऑयल और घरेलू नुस्खों में किया जाता रहा है. आंवला तेल और करी पत्ते का मिश्रण भी बालों की देखभाल के लिए एक अच्छा विकल्प है. इन दोनों चीजों को मिलाकर तैयार किया गया तेल बालों और स्कैल्प को पोषण देने में मदद कर सकता है. इसकी हर्बल खुशबू और मसाज का अनुभव काफी सुकून देने वाला होता है.
यह भी पढ़ें:- ग्लास स्किन, स्लगिंग या स्किन साइक्लिंग? एक्सपर्ट ने बताया भारतीय त्वचा के लिए कौन सा स्किनकेयर ट्रेंड सच में करता है काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं