बाहर के देश में घूमने बहुत से लोगों का सपना होता है. कोई दुनिया के सारे देश देखना चाहता है तो किसी की विश लिस्ट में कुछ चुनिंदा देश होते हैं. विदेश जाने के लिए अक्सर लोग पहले से बजट, जगह और अन्य चीजों की तैयारी करने लगते है, लेकिन अगर आप पहली बार विदेश जाने का प्लान कर रहे हैं और डेस्टिनेशन चुनना मुश्किल हो रहा है तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए. ऐसे में सिर्फ यह देखकर फैसला न करें कि कौन सा देश सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है. अपनी जेब, सुविधाओं और उम्मीदों के हिसाब से डेस्टिनेशन चुनना ज्यादा फायदेमंद और समझदारी होगी. एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, IATO के अध्यक्ष रवि गोसाईं ने बजट, मौसम और अन्य जरूरी बातों के आधार पर सही डेस्टिनेशन चुनने के कुछ आसान टिप्स शेयर किए हैं.
सबसे पहले बजट का ध्यान रखें
रवि गोसाईं के अनुसार, किसी भी देश को चुनने से पहले यह तय कर लें कि आप अपनी विदेश यात्रा पर कितना खर्च कर सकते हैं. आपके बजट में फ्लाइट टिकट, वीजा, होटल, खाने-पीने, लोकल ट्रांसपोर्ट, घूमने-फिरने और शॉपिंग का खर्च भी शामिल होना चाहिए. कई बार किसी देश की फ्लाइट सस्ती होती है, लेकिन वहां ठहरने और घूमने का खर्च ज्यादा होता है. वहीं, कुछ देशों में फ्लाइट महंगी हो सकती है, लेकिन बाकी खर्च कम होते हैं. रवि गोसाईं का कहना है कि पहली विदेश यात्रा के लिए ऐसे देश का चुनना बेहतर है, जहां आप आराम से अपने बजट में यात्रा कर सकें.
वीजा प्रोसेस समझें
रवि गोसाईं के मुताबिक, बजट के बाद सबसे जरूरी चीज वीजा प्रक्रिया है. कुछ देश भारतीय यात्रियों को वीजा-फ्री एंट्री या वीजा ऑन अराइवल की सुविधा देते हैं, जबकि कुछ देशों का वीजा लेना थोड़ा मुश्किल होता है और उसमें कई डॉक्यूमेंट की जरूरत पड़ सकती है. इसलिए यात्रा की योजना बनाने से पहले वीजा से जुड़ी सभी शर्तों और अपने पासपोर्ट की वैधता की जांच जरूर कर लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
टूर के दिन का ध्यान रखें
अगर, आप अपनी छुट्टियों का ज्यादा समय सिर्फ सफर करने में ही नहीं बिताना चाहते हैं तो ऐसे देश या शहर चुनें, जहां आसानी से पहुंचा जा सके और यात्रा में बहुत ज्यादा समय न लगे. पहली विदेश यात्रा कई लोगों के लिए तनावपूर्ण भी हो सकती है, इसलिए सुविधाजनक डेस्टिनेशन चुनना बेहतर रहता है.
अपनी पसंद के अनुसार डेस्टिनेशन चुनें
अगर आपको बीच और आराम पसंद है, तो किसी खूबसूरत समुद्री जगह का चुनाव कर सकते हैं. अगर शॉपिंग और नाइटलाइफ पसंद है, तो ऐसे शहर में जाएं जो इसके लिए मशहूर हो. वहीं, अगर आपको इतिहास और संस्कृति में रुचि है, तो ऐसे शहर चुनें जहां ऐतिहासिक इमारतें, किले और म्यूजियम देखने को मिलें. एडवेंचर और नए खाने का शौक रखने वाले लोग भी अपनी पसंद के हिसाब से डेस्टिनेशन चुन सकते हैं.
मौसम का ध्यान रखें
रवि गोसाईं के अनुसार, मौसम आपकी यात्रा के अनुभव को काफी प्रभावित कर सकता है. इसलिए किसी भी जगह पर जाने से पहले वहां का मौसम, तापमान, बारिश और किसी भी तरह की खराब मौसम संबंधी परिस्थितियों की जानकारी जरूर लें.
यह भी पढ़ें:- टॉक्सिक रिलेशनशिप से बाहर निकलना चाहते हैं, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पा रहे? एक्सपर्ट ने बताए 5 उपाय
यह भी पढ़ें:- कम पैसों में कश्मीर घूमना है? जानिए 5 दिन का पूरा प्लान और असल खर्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं