Delhi Trade Fair: आम जनता के लिए India International Trade Fair (IITF) 2026 दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो गया है. इस साल आयोजित 45वें IITF में हैंडीक्राफ्ट, रीजनल प्रोडक्ट्स, अंतरराष्ट्रीय स्टॉल, फूड स्टॉल, स्टार्टअप्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया है. ये मेला खरीदारी, व्यापार और मनोरंजन का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है. अगर आप भी इस ट्रेड फेयर में जाने की प्लानिंग कर रहे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको ट्रेड फेयर की टिकट, टाइमिंग, बुकिंग समेत सभी जरूरी जानकारी देने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...
दिल्ली ट्रेड फेयर की डेट और टाइमिंग
दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा. इस मेले के लिए बिजनेस विजिटर्स और आम लोगों के लिए अलग-अलग दिन तय किए गए हैं. शुरुआती पांच दिन, यानी 14 नवंबर से 18 नवंबर तक केवल बिजनेस विजिटर्स के लिए थे. वहीं, 19 नवंबर से 27 नवंबर तक आम लोग घूमने जा सकते हैं. इस मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से हो जाती है और ये शाम 7:30 तक चलता है. हालांकि लास्ट एंट्री का टाइम शाम 5:30 तक है.
कितने रुपये की है ट्रेड फेयर की टिकट?
IITF 2026 के लिए टिकट की कीमत दिन और कैटेगरी के अनुसार तय की गई है. आम लोगों को वीकडे पर ₹100 और वीकेंड पर ₹200 का टिकट खरीदना होगा, जबकि बच्चों के लिए ये कीमत ₹50 और ₹100 है. वहीं, बिजनेस विजिटर्स के लिए टिकट की कीमत ₹500 प्रति व्यक्ति रखी गई है.
यह भी पढ़ें: दिसंबर से फरवरी के बीच देखनी है बर्फबारी? भारत की इन 9 जगहों पर जरूर बनाएं घूमने का प्लान
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए खास सुविधा
जेनरल पब्लिक दिनों में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर मुफ्त प्रवेश की सुविधा दी गई है. मेले में जाने वाले लोगों को टिकट बुक करते समय सही कैटेगरी और तारीख का चयन करने की सलाह दी जाती है, ताकि एंट्री के समय किसी तरह की परेशानी न हो.
कैसे खरीदें टिकट?
IITF 2026 के टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से खरीदे जा सकते हैं. ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए लोग IITF की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं, जबकि मोबाइल यूजर्स IITF 2026 ऐप को Google Play Store या Apple App Store से डाउनलोड कर टिकट बुक कर सकते हैं. इस ऐप में टिकट बुकिंग के अलावा पवेलियन की जानकारी, मैप, शटल सेवा और पूरी शेड्यूल भी उपलब्ध है. वहीं, जो लोग ऑफलाइन टिकट खरीदना चाहते हैं, वे दिल्ली मेट्रो के 55 चयनित स्टेशनों पर बने टिकट काउंटरों से टिकट खरीद सकते हैं.
मेट्रो से कैसे पहुंचें ट्रेड फेयर?
भारत मंडपम पहुंचने के लिए सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन (ब्लू लाइन) सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन है. यहां उतरने के बाद विजिटर्स अपने एंट्री गेट के अनुसार पैदल या लोकल ट्रांसपोर्ट की मदद से मेले तक पहुंच सकते हैं. इसके अलावा बस, टैक्सी और ऑटो-रिक्शा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. हालांकि, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रगति मैदान के आसपास होने वाली भीड़ और जाम से बचने के लिए लोगों को खास तौर पर मेट्रो जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. ध्यान रखें कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर IITF 2026 के टिकट उपलब्ध नहीं हैं.
पार्किंग की सुविधा
अगर आप पर्सनल व्हीकल से IITF 2026 देखने जा रहे हैं, तो भारत मंडपम के आसपास पार्किंग फैसिलिटी का फायदा उठा सकते हैं. इसके लिए आईटीपीओ बेसमेंट पार्किंग उपलब्ध है, जहां भैरों मार्ग-रिंग रोड टनल के जरिए पहुंचा जा सकता है. इसके अलावा भैरों मंदिर पार्किंग भी विजिटर्स के लिए निर्धारित की गई है. वहीं, भारत मंडपम बेसमेंट-2 पार्किंग तक प्रगति टनल और मथुरा रोड अंडरपास-4 के जरिए से पहुंचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली घूमने निकले हैं तो इस मार्केट को न करें मिस, शॉपिंग और खाने के साथ दिख सकते हैं बॉलीवुड सितारे
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बैठे-बैठे करिए पूरे भारत की सैर, सरस मेले में मिलेगा 30 से ज्यादा राज्यों के जायकों का स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं