घर की बालकनी, छत या गार्डन में रंग-बिरंगे फूल खिले हों तो पूरा घर खूबसूरत लगने लगता है. बोगनवेलिया ऐसा ही एक पौधा है, जो अपने फूलों से पूरे घर की खूबसूरती को बढ़ा देता है. ऐसे में ज्यादातर लोग अपने घर में इस पौधे को लगाना पसंद करते हैं. लेकिन कई लोगों कि शिकायत होती है कि उनके बोगनवेलिया के पौधे में ज्यादा फूल नबीं आते हैं या पौधा ठीक से बढ़ नहीं रहा है. अगर आपके साथ भी ऐसा ही कुछ हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बोगनवेलिया के पौधे पर ज्यादा फूल लाने और इस पौधे की सही देखभाल करने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
बोगनवेलिया के पौधे को कितनी देर धूप में रखें?
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, बोगनवेलिया को अच्छी फ्लावरिंग के लिए भरपूर धूप चाहिए. अगर पौधे को पर्याप्त धूप नहीं मिलती है, तो उसमें पत्तियां तो खूब आएंगी, लेकिन फूल कम खिलते हैं. इसलिए इस पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां इसे रोजाना कम से कम 4 से 6 घंटे सीधी धूप मिल सके.
बोगनवेलिया के पौधे को कितना पानी देना चाहिए?एक्सपर्ट के मुताबिक, बोगनवेलिया को बार-बार पानी देना पसंद नहीं है. इसकी मिट्टी में नमी ज्यादा रहने से पौधे की जड़ें खराब होने लगती है. इसलिए बोगनवेलिया के पौधे को रोज पानी नहीं दें. इससे अलग पानी देने से पहले उंगली से पौधे की मिट्टी को छूकर देखें. अगर मिट्टी सूखी लगे, तभी पौधे को पानी दें. साथ ही इस वक्त अच्छी तरह पानी दें.
बोगनवेलिया के पौधे को कितने बड़े गमले में लगाना चाहिए?तरुण चोपड़ा बताते हैं, बोगनवेलिया को बहुत बड़े गमले की जरूरत नहीं होती है. उल्टा छोटे गमले में इसकी जड़ें अच्छी तरह फैलती हैं. आप 10 इंच के गमले में दो पौधे और 12 इंच के गमले में तीन पौधे भी लग सकते हैं. ऐसा करने से आपको एक बी गमले में अलग-अलग रंग के फूल मिल सकते हैं.
बोगनवेलिया के पौधे में खाद कब डालनी चाहिए?गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, बोगनवेलिया को समय-समय पर खाद की जरूरत होती है. इसके लिए फॉस्फोरस वाली खाद या फूलों के लिए बने ब्लूम बूस्टर का इस्तेमाल किया जा सकता है. बस ध्यान रखें कि आपको महीने में एक बार ही पौधे में खाद डालनी है. खाद डालने से पहले मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें. इसके बाद पौधे से थोड़ा दूर-दूर खाद डाल दें.
एक्सपर्ट आगे कहते हैं, इस पौधे में आपको नाइट्रोजन वाली खाद, जैसे यूरिया नहीं देनी है. इससे पत्तियां और टहनियां ज्यादा बढ़ती हैं, लेकिन फूल कम आते हैं.
बोगनवेलिया के पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें?इसके लिए एक्सपर्ट पौधे में सीवीड एक्सट्रैक्ट का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं. आप 12 इंच के गमले में दो चम्मच सीवीड एक्सट्रैक्ट और एक चम्मच एप्सम सॉल्ट डाल सकते हैं. ऐसा आप हर 15 दिनों में एक बार कर सकते हैं.
इसके अलावा जब पौधे पर मौजूद फूल सूख जाएं, तो उन्हें हटा दें. इसके बाद टहनियों की हल्की कटाई करें. इससे नई शाखाएं निकलने में मदद मिलती है और आगे पौधे पर ज्यादा फूल आते हैं. लेकिन पौधे की बहुत ज्यादा कटाई भी न करें.
इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने बोगनवेलिया के पौधे में ज्यादा फूल बढ़ा सकते हैं और पौधे की सही देखभाल कर सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं