आज के समय में युवा वर्ग में हेयर कलर का क्रेज खूब देखने को मिलता है. नया हेयर कलर चेहरे पर एक अलग ही ग्लो ले आता है. लेकिन अक्सर कलर कराने के कुछ दिनों बाद ही हमें एक अजीब सी समस्या महसूस होती है वो है बाल रूखे और बेजान होने की. अगर आप भी इस तरह की समस्या से परेशान हैं तो यकीन मानिए, आप अकेले नहीं हैं.
क्यों हो जाते हैं कलर के बाद बाल रूखे?
हमारे बालों की ऊपरी परत को 'क्यूटिकल' कहते हैं, जो बालों की नमी को अंदर लॉक करके रखती है. जब हम हेयर कलर का इस्तेमाल करते हैं, तो उसमें मौजूद अमोनिया और अन्य केमिकल्स इन क्यूटिकल्स को जबरदस्ती खोलते हैं ताकि कलर बाल के अंदर जा सके. इस प्रक्रिया में बाल अपनी प्राकृतिक नमी और तेल खो देते हैं. इसीलिए कलर के बाद बाल, असली बालों की तुलना में सूखे और घास जैसे खुरदरे लगने लगते हैं.

बालों को कलर कराने के बाद सही देखभाल जरूरी. (Image NDTV)
कैसे करें कलर किए हुए बालों की देखभाल-
- सल्फेट-फ्री शैम्पू- कलर कराने के बाद बाजार वाले आम शैम्पू से तौबा कर लें. ये शैम्पू झाग तो बहुत बनाते हैं, लेकिन बालों के नेचुरल ऑयल को पूरी तरह निकाल देते हैं. हमेशा सल्फेट-फ्री और कलर-सेफ शैम्पू ही खरीदें.
- ठंडा या गुनगुना पानी- बहुत गर्म पानी से सिर धोना कलर किए हुए बालों का सबसे बड़ा दुश्मन है. यह क्यूटिकल्स को फिर से खोल देता है और कलर हल्का होने लगता है. हमेशा ठंडे या हल्के गुनगुने पानी से ही बाल धोएं.
- कंडीशनर- शैम्पू के बाद कंडीशनर को स्किप करना सबसे बड़ी गलती है. यह बालों की ऊपरी परत को सील करता है और उन्हें मुलायम बनाए रखता है.
- हीट स्टाइलिंग से दूरी- हेयर स्ट्रेटनर या ब्लो ड्रायर का बहुत ज्यादा इस्तेमाल बालों को पहले से ही कमजोर कर देता है. अगर जरूरत हो भी, तो हमेशा हीट प्रोटेक्टेंट स्प्रे का इस्तेमाल करें.
- हेयर मास्क- हफ्ते में कम से कम एक बार डीप कंडीशनिंग मास्क जरूर लगाएं.
क्या कहती है रिसर्च-
American Academy of Dermatology (Hair care for color-treated hair): में छपा आर्टिकल यह बताता है कि कैसे केमिकल ट्रीटमेंट के बाद बालों की देखभाल करने से बालों का टूटना और रूखापन कम किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- कूलर से आने वाली बदबू को मिनटों में दूर कर देगा ये घरेलू उपाय, खुशबू से महक उठेगा कमरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं