अपने बच्चे के लिए नाम चुनना हर माता-पिता के लिए खास पल होता है. हर पेरेंट्स चाहते हैं कि उनके बच्चे का नाम सबसे अलग और प्यारा हो, साथ ही उस नाम का मतलब भी बहुत खास हो. अब, अगर आप भी अपने बेटे या बेटी के लिए कोई ऐसा नाम ढूंढ रहे हैं, जो आम नामों से थोड़ा अलग हो, तो रामायण के किरदारों से प्रेरित नाम रख सकते हैं. रामायण में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के अलावा भी कई ऐसे पात्र हैं, जिनके नाम बहुत सुंदर और खास हैं. आइए एक नजर डालते हैं इनपर-
श्रुतकीर्ति (Shrutakirti)
श्रुतकीर्ति राजा कुशध्वज की छोटी बेटी थीं. उनका विवाह भगवान राम के छोटे भाई शत्रुघ्न से हुआ था. श्रुतकीर्ति नाम दो शब्दों से मिलकर बना है- 'श्रुत' का मतलब होता सुना हुआ या ज्ञान और 'कीर्ति' का मतलब है यश और प्रसिद्धि. यानी श्रुतकीर्ति का अर्थ हुआ ऐसी लड़की जिसकी कीर्ति दूर-दूर तक सुनी गई हो. आसान भाषा में कहें, तो ऐसी लड़की जिसे अपने अच्छे कामों से पहचान और सम्मान मिले. आप अपनी बेटी को श्रुतकीर्ति कहकर बुला सकते हैं या इस नाम को छोटा करके श्रुति या कीर्ति भी बुला सकते हैं.
मांडवी (Mandavi)मांडवी राजा कुशध्वज और रानी चंद्रभागा की बड़ी बेटी थीं. उनका विवाह भगवान राम के भाई भरत से हुआ था. आप अपनी बेटी का नाम मांडवी रख सकते हैं, ये नाम भी एकदम यूनिक और प्यारा है.
उर्मिला (Urmila)उर्मिला माता सीता की छोटी बहन और लक्ष्मण की पत्नी थीं. जब लक्ष्मण भगवान राम और माता सीता के साथ वनवास गए थे, तब उर्मिला अयोध्या में ही रहीं थीं. आप अपनी बेटी का नाम उर्मिला रख सकते हैं. इस नाम का अर्थ होता है 'जुनून या प्रेम की लहरें'.
सुबाहु (Subahu)सुबाहु शत्रुघ्न और श्रुतकीर्ति के पुत्र थे. इस नाम का अर्थ होता है मजबूत भुजाओं वाला व्यक्ति. आप अपने बेटे को सुबाहु कहकर बुला सकते हैं. ये नाम भी एकदम अलग है.
पुष्कल (Pushkal)पुष्कल भरत और मांडवी के पुत्र थे. पुष्कल का अर्थ होता है भरपूर, समृद्ध और गुणों से भरा हुआ. ये नाम भी सुनने में काफी अच्छा लगता है. अगर आप अपने बेटे के लिए कोई छोटा, सुंदर और पौराणिक नाम चाहते हैं, तो पुष्कल एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
सुनैना (Sunaina)सुनैना माता सीता की मां और मिथिला की रानी का नाम है. सुनैना नाम का अर्थ होता है सुंदर आंखों वाली लड़की. अगर आप बेटी के लिए ऐसा नाम चाहते हैं जो पारंपरिक होने के साथ-साथ सुंदर भी हो, तो इसे चुन सकते हैं.
यह भी पढ़ें- कुकर में खीर कैसे बनाएं? जानें 15 मिनट में खीर बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं