बच्चे का नाम सिर्फ उसकी पहचान नहीं बनता, बल्कि उसके व्यक्तित्व और संस्कारों की झलक भी उसमें दिखाई देने वाली माना जाता है. यही कारण है कि कई माता-पिता अपने बेटे के लिए ऐसा नाम चुनना चाहते हैं, जो सुनने में सुंदर होने के साथ-साथ पॉजिटिव अर्थ और महत्व भी रखता है. वेदों में ऐसे कई अनमोल नाम मिलते हैं, जो ज्ञान, शक्ति, प्रकृति, आध्यात्मिकता और अच्छे गुणों का प्रतीक हैं. अगर, आप अपने बेटे के लिए कोई यूनिक, पारंपरिक और अर्थपूर्ण नाम ढूंढ़ रहे हैं, तो वेदों से प्रेरित कुछ नाम आपके बेटे के लिए अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं वेदों में वर्णित कुछ खास लड़कों के नाम और उनके अर्थ.
अग्निव (Agniv)
अग्निव नाम की प्रेरणा अग्नि देव से ली गई है, जिन्हें वेदों में बहुत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है. हिंदू मान्यताओं के अनुसार, अग्नि को देवताओं तक प्रार्थना और अर्पण पहुंचाने वाला दूत माना जाता है. यह नाम ऊर्जा, शुद्धता और उजाले का प्रतीक है. अग्निव नाम वाले व्यक्ति को आमतौर पर मजबूत इरादों वाला, आत्मविश्वासी और सकारात्मक सोच रखने वाला माना जाता है.
द्युमान (Dyuman)
द्युमान एक वैदिक नाम है, जिसका अर्थ है तेजस्वी, गौरवशाली या चमकने वाला. वेदों में इस शब्द का उपयोग दिव्य प्रकाश, सत्य और ज्ञान की चमक को दर्शाने के लिए किया गया है. यह नाम उन बच्चों के लिए खास माना जाता है, जिनके माता-पिता चाहते हैं कि उनका बेटा अपनी पहचान और गुणों से दूसरों से अलग नजर आए. द्युमान नाम बुद्धिमत्ता, सकारात्मकता और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक माना जाता है.
वसुमान (Vasuman)
वसुमान नाम वसु शब्द से बना है, जिसका अर्थ धन, समृद्धि और अच्छाई है. वेदों में वसु देवताओं का भी उल्लेख मिलता है, जिन्हें शुभता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. इस नाम का अर्थ केवल धन-संपत्ति नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, उदारता और नेक स्वभाव से भी जुड़ा है. वसुमान नाम उन माता-पिता के लिए अच्छा है, जो चाहते हैं कि उनका बेटा जीवन में सफल होने के साथ-साथ अच्छे मूल्यों वाला इंसान भी बने.
रोहिताश (Rohitash)
रोहिताश नाम रोहित शब्द से जुड़ा है, जिसका अर्थ है सूर्योदय के समय आकाश में दिखने वाली लालिमा. वेदों में इसे नई शुरुआत, आशा और ऊर्जा का प्रतीक माना गया है. यह नाम सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. रोहिताश नाम वाला व्यक्ति नई चुनौतियों का सामना करने और हर दिन को नए अवसर की तरह देखने वाला माना जाता है.
सोमेश (Somesh)
सोमेश नाम सोम शब्द से बना है, जिसका वेदों में विशेष महत्व है. सोम को शांति, ऊर्जा, ज्ञान और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक माना जाता है. यह नाम सौम्यता, धैर्य और संतुलित स्वभाव को दर्शाता है. अगर आप अपने बेटे के लिए ऐसा नाम चाहते हैं जो शांत, गहरा और अर्थपूर्ण हो, तो सोमेश एक सुंदर विकल्प हो सकता है.
त्रयंबक (Trayambak)
त्रयंबक एक प्राचीन वैदिक नाम है, जिसका अर्थ तीन नेत्रों वाला है. यह नाम भगवान शिव से भी जुड़ा माना जाता है और ज्ञान, दूरदृष्टि तथा बुद्धिमत्ता का प्रतीक है. यह नाम उन बच्चों के लिए खास है, जिनके माता-पिता एक ऐसा नाम चाहते हैं जो आध्यात्मिक महत्व और गहरे अर्थ दोनों को समेटे हुए हो. त्रयंबक नाम बुद्धिमत्ता, समझदारी और जीवन को व्यापक नजरिए से देखने की क्षमता का प्रतीक माना जाता है.
यह भी पढ़ें:- कॉकरोच और कीड़े-मकोड़े को भगाने के लिए 5 केमिकल-फ्री उपाय, तुरंत दिखेगा असर
यह भी पढ़ें:- क्या सच में नहाते समय दो बार साबुन लगाना चाहिए? जानिए डबल क्लींजिंग का ट्रेंड कितना सही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं