आजकल सोशल मीडिया पर डबल क्लींजिंग (Double Cleansing) का ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नहाते समय शरीर को दो बार साफ करने की सलाह दी जाती है. इस नए ट्रेंड में दावा किया जाता है कि इससे त्वचा पर जमी गंदगी, पसीना, सनस्क्रीन और प्रदूषण के कण बेहतर तरीके से हट जाते हैं, लेकिन क्या सच में हर किसी को दो बार साबुन या बॉडी वॉश लगाना चाहिए . चलिए आपको बताते हैं डबल क्लींजिंग ट्रेंड क्या है. यह किन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है और क्या रोजाना ऐसा करना आपकी त्वचा को फायदेमंद होगा या नहीं.
डबल क्लींजिंग क्या है?
डबल क्लींजिंग चेहरे को साफ करने की एक दो चरणों वाली विधि है, जिसमें त्वचा को दो अलग-अलग क्लींजर से बारी-बारी से धोया जाता है. पहला चरण सूखे चेहरे पर तेल-आधारित क्लींजर, क्लींजिंग बाम या माइसेलर वॉटर का उपयोग किया जाता है. यह मेकअप, सनस्क्रीन और एक्स्ट्रा तेल को बाहर निकालता है. पहले चरण के बाद पानी-आधारित फेस वॉश या जेंटल क्लींजर का उपयोग किया जाता है. यह पसीना, धूल-मिट्टी और बची हुई गंदगी को पूरी तरह साफ करता है.
डबल क्लींजिंग का ट्रेंड कितना सही
सेल्फ-केयर कंटेंट क्रिएटर जारा बेकेले का कहना है कि डबल क्लींजिंग उनकी शॉवर रूटीन का सबसे असरदार हिस्सा बन चुकी है. उनके मुताबिक, इससे वे खुद को ज्यादा साफ और तरोताजा महसूस करती हैं. वहीं डिजिटल क्रिएटर टेरी एन डबल क्लींजिंग को एक जरूरी हाइजीन आदत मानती हैं. उनका कहना है कि अगर आप सिर्फ मॉइस्चराइजिंग बॉडी वॉश से शरीर साफ करते हैं, तो यह कुछ हद तक ऐसा है जैसे त्वचा पर सिर्फ लोशन लगाना. उनके अनुसार, अगर त्वचा पहले से अच्छी तरह साफ नहीं है, तो केवल खुशबूदार बॉडी वॉश इस्तेमाल करना गंदगी हटाने के बजाय सिर्फ उसकी बदबू को छिपाने जैसा है.
यूके के रिटेलर बूट्स (Boots) के लिए लिखे एक लेख में ब्यूटी राइटर वालेजा बकोली ने डबल क्लींजिंग को बॉडी केयर रूटीन का एक अहम पहला कदम बताया. हालांकि, लंदन की स्किन एक्सपर्ट डॉ. जिनाह यू का मानना है कि ज्यादातर लोगों के लिए शरीर को दो बार धोना जरूरी नहीं है. उनके अनुसार, डबल क्लींजिंग चेहरे के लिए फायदेमंद हो सकती है, खासकर तब जब आपको मेकअप, सनस्क्रीन या अन्य स्किनकेयर प्रोडक्ट हटाने हों. डॉ. यू बताती हैं कि हमारी त्वचा पर मौजूद नेचुरल ऑयल्स और लिपिड्स त्वचा को नमी बनाए रखने और बाहरी नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. अगर बार-बार या बहुत ज्यादा क्लीन्जर से त्वचा को धोया जाए, तो त्वचा रूखी, खिंची हुई, खुजलीदार या जलन वाली महसूस होने लग सकती है यानी हर व्यक्ति के लिए डबल क्लींजिंग जरूरी नहीं है. जरूरत से ज्यादा सफाई करने की बजाय अपनी त्वचा के प्रकार और उसकी जरूरतों को समझकर ही रूटीन अपनाना बेहतर होता है.
यह भी पढ़ें:- घर पर कैसे बनाएं शैंपू, यहां जानिए नेचुरल एलोवेरा शैंपू बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- कढ़ी पत्ता या रोजमेरी की पत्तियां, आपके स्कैल्प के लिए कौन सा हर्बल हेयर ज्यादा फायदेमंद है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं