विज्ञापन

16500 रुपये में करें अयोध्या, काशी और पुरी के दर्शन, IRCTC लेकर आया है 10 दिन का खास धार्मिक टूर

Ayodhya-Kashi Punya Yatra: IRCTC श्रद्धालुओं के लिए देश के कई प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की विशेष ट्रेन यात्रा लेकर आया है जिसके तहत अयोध्या, काशी, प्रयागराज, गया और पुरी जैसे पवित्र स्थानों के दर्शन एक ही पैकेज में किए जा सकते हैं. यात्रा, होटल, भोजन और स्थानीय परिवहन सहित यह पैकेज 16,500 रुपये से शुरू होता है.

16500 रुपये में करें अयोध्या, काशी और पुरी के दर्शन, IRCTC लेकर आया है 10 दिन का खास धार्मिक टूर
Ayodhya-Kashi Punya Yatra
Pexels

Ayodhya-Kashi Punya Yatra: अगर आप परिवार के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष धार्मिक टूर पैकेज लेकर आया है. इस पैकेज के तहत यात्री अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, गया और पुरी जैसे देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकेंगे.

यह यात्रा 'भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन' के माध्यम से आयोजित की जाएगी. आईआरसीटीसी ने भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिये श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या-काशी: पुण्य यात्रा की शुरुआत की है. खास बात यह है कि यात्रियों को ट्रेन टिकट, होटल, भोजन और स्थानीय परिवहन जैसी कई सुविधाएं एक ही पैकेज में मिलेंगी.

कब शुरू होगी यात्रा?

IRCTC के अनुसार यह धार्मिक यात्रा 4 अगस्त 2026 को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से शुरू होगी. पूरा टूर 9 रात और 10 दिनों का होगा. इस दौरान श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन और भ्रमण का अवसर मिलेगा.

किन-किन धार्मिक स्थलों पर जाएंगे श्रद्धालु?

इस यात्रा में सबसे पहले अयोध्या के प्रसिद्ध राम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन कराए जाएंगे. श्रद्धालु सरयू नदी की आरती का भी आनंद ले सकेंगे.

इसके बाद वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अन्नपूर्णा देवी मंदिर और विशालाक्षी मंदिर के दर्शन होंगे. शाम को प्रसिद्ध गंगा आरती देखने का अवसर भी मिलेगा.

यात्रा के दौरान प्रयागराज में त्रिवेणी संगम, गया में विष्णुपद मंदिर और ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसके अलावा कोणार्क के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर का भ्रमण भी पैकेज में शामिल है.

कितना होगा किराया?

यात्री अपनी सुविधा के अनुसार श्रेणी का चयन कर सकते हैं.

  • इकोनॉमी (स्लीपर क्लास)- 16,500 रुपये प्रति व्यक्ति
  • स्टैंडर्ड (थर्ड एसी)- 25,600 रुपये प्रति व्यक्ति
  • कंफर्ट (सेकंड एसी)- 33,400 रुपये प्रति व्यक्ति

पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?

इस ऑल-इंक्लूसिव पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय दर्शनीय स्थलों तक रोड ट्रांसपोर्ट, शुद्ध शाकाहारी नाश्ता, लंच और डिनर शामिल हैं. इसके अलावा यात्रियों की सहायता के लिए गाइड और एस्कॉर्ट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. यात्रा के दौरान ट्रैवल इंश्योरेंस भी दिया जाएगा.

कहां से पकड़ सकते हैं ट्रेन?

यह ट्रेन सिकंदराबाद, चारलपल्ली, काजीपेट, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, गुडीवाड़ा, भीमावरम, तनुकू, राजमुंदरी, समालकोट, तूनी, दुव्वाडा, पेंदुर्ती और विजयनगरम समेत कई स्टेशनों से उपलब्ध होगी.

बुकिंग कैसे करें?

इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. ट्रेन में कुल 702 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 160 स्लीपर, 490 थर्ड एसी और 52 सेकंड एसी सीटें शामिल हैं. ऐसे में यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए जल्द बुकिंग करना बेहतर रहेगा.

यह भी पढ़ें- Liquid Paratha Recipe: क्या होता है लिक्विड पराठा, बिना बेलन के और आटा गुंथे तैयार होता है ये खास पराठा

लेखक के बारे में
img
रुचि पंत
कंटेंट एसोसिएट
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ayodhya-Kashi Punya Yatra 2026, Bharat Gaurav Special Tourist Train, Bharat Gaurav Operated Irctc, Irc
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com