किसी भी रिश्ते में प्यार होना बेहद जरूरी है, लेकिन सिर्फ प्यार से हर रिश्ता लंबे समय तक मजबूत नहीं रहता है. एक-दूसरे को समझना, अपनी बात खुलकर कहना और छोटे-बड़े झगड़े के बाद सही तरीके से उसे सुलझाना भी उतना ही जरूरी है. कई बार कपल्स के बीच छोटी सी बात भी बड़ी लड़ाई का रूप ले लेती है. ऐसे में वे समझ ही नहीं पाते हैं कि इस झगड़े को कैसे सुलझाया जाए. इससे समय के साथ दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगती है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए फेमस डेटिंग और रिलेशनशिप कोच आयुषी माथुर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में उन्होंने 5 नियम बताए हैं. रिलेशनशिप कोच कहती हैं अगर हर कपल अपने रिश्ते में इन नियमों को अपना ले, तो आगे चलकर उन्हें कभी प्यार में उलझन महसूस नहीं होगी, साथ ही उनका रिश्ता समय के साथ और मजबूत होगा. आइए जानते हैं इनके बारे में-
नंबर 1- झगड़े के बाद बात जरूर करेंगे
रिलेशनशिप कोच कहती हैं, अपने बीच ये रूल बना लें कि आप हर झगड़े के बाद बात जरूर करेंगे. किसी बहस या झगड़े के बाद सब कुछ नॉर्मल दिखाने की कोशिश करने के बजाय उस मुद्दे पर बात करना जरूरी है. समस्या को दबाने से वह खत्म नहीं होती, बल्कि उल्टा इससे मन में नाराजगी बढ़ सकती है. दोनों पार्टनर अपनी गलती मानें और शांत होकर बात करके समस्या को सुलझाने की कोशिश करें.
नंबर 2- पार्टनर पर शक करने से पहले भरोसा रखेंगेरूल बनाएं कि कोई बात होने पर आप शक जाहिर करने से पहले अपने पार्टनर को बेनिफिट ऑफ डाउट जरूर देंगे. गुस्से या दुख में हम कई बार अपने पार्टनर की बात का गलत मतलब निकाल लेते हैं. इससे लड़ाई और बढ़ सकती है. इसलिए दोनों आपस में ये तय कर लें कि जब भी कोई झगड़ा या बात होगी, तो पहले आप पार्टनर पर भरोसा रखेंगे.
नंबर 3- एक-दूसरे को समझने की कोशिश करेंगेरूल बनाएं कि जब भी आपका कोई झगड़ा होगा, सामने वाला व्यक्ति आपसे अपने मन की बात कहेगा, तब आप उनकी बात केवल जवाब देने के लिए नहीं सुनेंगे. पार्टनर जब कुछ कह रहा हो तो उसे समझने की कोशिश करेंगे. हर बात का जवाब देने या अपनी सफाई देने के बजाय यह समझने की कोशिश करें कि सामने वाला उस वक्त क्या महसूस कर रहा है.
नंबर 4- अपनी बात खुलकर बताएंगेकई बार कुछ बात होने पर हम ये मान लेते हैं कि सामने वाला व्यक्ति बिना कुछ कहे हमारे मन की बात को समझेगा. रिलेशनशिप कोच कहती हैं, ऐसी सोच कई बार गलतफहमी को और बढ़ा देती है. इसलिए आपस में रूल बनाएं कि जब भी आपके मन में कोई बात होगी, तो आप खुलकर एक-दूसरे से उसे बताएंगे. अगर आपको समय, प्यार, स्पेस या किसी खास तरह के सपोर्ट की जरूरत है तो उसे साफ शब्दों में बताएंगे. खुलकर बात करने से दोनों के लिए एक-दूसरे को समझना आसान होता है.
नंबर 5- हम हमेशा एक टीम की तरह रहेंगेरिश्ते में सोच ऐसी होनी चाहिए कि लड़ाई आप दोनों के बीच नहीं, बल्कि समस्या के खिलाफ है. कौन जीता और कौन हारा, इस पर ध्यान देने के बजाय समाधान खोजें. आपस में रूल बनाएं कि बात चाहे जो हो, गलती चाहे किसी की भी हो, आप दोनों मिलकर उसे सुलझाने की कोशिश करेंगे.
रिलेशनशिप कोच कहती हैं, हर कपल के बीच मतभेद होना आम बात है. ऐसे में इन पांच रूल्स को अपनाकर आप अपने बीच इन मतभेदों को आसानी से सुलझा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Parenting Tips: बच्चे को लिखना कैसे सिखाएं? ABCD नहीं इस तरह करें शुरुआत, पीडियाट्रिशियन ने बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं