विज्ञापन

पहली डेट पर भूलकर भी न करें ये 10 काम, Relationship Coach ने बताया किन बातों से बचना चाहिए

फेमस रिलेशनशिप कोच और ऑथर जवाल भट्ट ने पहली डेट को लेकर खास टिप्स शेयर की हैं. उन्होंने बताया है कि पहली डेट पर किन चीजों से बचना चाहिए. आइए जानते हैं एक्सपर्ट की राय-

पहली डेट पर भूलकर भी न करें ये 10 काम, Relationship Coach ने बताया किन बातों से बचना चाहिए
पहली डेट पर कभी नहीं करें ये 10 चीजें
(Photo Credit: Freepik)

पहली डेट हमेशा खास होती है. ये वो टाइम होता है जब दो लोग पहली बार एक-दूसरे को करीब से जानने की कोशिश करते हैं. इस दौरान हर कोई चाहता है कि सामने वाले पर उनकी बातों का अच्छा असर पड़े. लेकिन कई बार अच्छा इंप्रेशन बनाने की कोशिश में हम कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं, जो सामने वाले को पसंद नहीं आतीं या जिनका सामने वाले व्यक्ति पर गलत इंप्रेशन पड़ सकता है. फेमस रिलेशनशिप कोच और ऑथर जवाल भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में एक्सपर्ट ने ऐसी ही गलतियों के बारे में बताया है, जिनसे पहली डेट पर बचना चाहिए. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

नंबर 1- बहुत ज्यादा सवाल न पूछें

रिलेशनशिप कोच कहते हैं, सबसे पहले पहली डेट को नौकरी के इंटरव्यू जैसा न बनाएं. लगातार सवाल पूछते रहने से सामने वाला परेशान हो सकता है. बातचीत ऐसी रखें जिसमें दोनों लोग अपनी बातें आराम से शेयर कर सकें.

नंबर 2- बिल्कुल चुप भी न रहें

पूरे टाइम चुप रहना भी सही नहीं है. इससे सामने वाला आपको समझ नहीं पाएगा. बातचीत में खुद भी हिस्सा लें. अपने बारे में छोटी-छोटी बातें बताएं और सामने वाले की बात भी ध्यान से सुनें.

नंबर 3- अपनी पुरानी डेट्स की बातें न करें

पहली डेट पर यह बताने की जरूरत नहीं है कि आप पहले किन लोगों के साथ डेट पर जा चुके हैं. ऐसी बातें सामने वाले को अनकंफर्टेबल कर सकती हैं.

नंबर 4- एक्स और पुराने दुखों की बात न करें

पहली मुलाकात में एक्स, पुराने रिश्ते या अपनी जिंदगी के पुराने दुखों के बारे में बहुत ज्यादा बात करने से बचें. ये बातें जरूरी हो सकती हैं, लेकिन इन्हें शेयर करने के लिए थोड़ा समय लेना बेहतर है. पहले एक-दूसरे के बीच भरोसा और समझ बनने दें. पहली ही मुलाकात में इस तरह की बातें न करें.

नंबर 5- अपनी नौकरी और सफलता का ज्यादा दिखावा न करें

अपने काम और करियर के बारे में बताना ठीक है. लेकिन बार-बार अपनी नौकरी, कमाई या उपलब्धियों की बात करने से बचें. इससे अलग पहली डेट पर सामने वाले को जानने की कोशिश करें.

नंबर 6- बिल को लेकर बहस न करें

बिल कौन देगा, इस बात को लेकर भी बहुत ज्यादा बहस न करें. अगर दोनों में से कोई बिल देना चाहता है, तो इसे लेकर आराम से बात करें. ध्यान रखें कि बिल की वजह से डेट का अच्छा माहौल खराब न हो.

नंबर 7- किसी को गलत न बताएं

पहली डेट पर यह कहना कि आजकल कोई लड़का या लड़की सीरियस नहीं है, सामने वाले पर गलत इंप्रेशन डाल सकता है. इससे सामने वाले को लग सकता है कि आप पहले से ही रिश्तों को लेकर बहुत नेगेटिव हैं. इसलिए इस तरह की बातें करने से बचें.

नंबर 8- खुद को बहुत ज्यादा कूल दिखाने की कोशिश न करें

किसी को पसंद करने पर उसे इंप्रेस करना स्वाभाविक है. लेकिन इसके लिए अपने असली स्वभाव को बदलने की जरूरत नहीं है. बहुत ज्यादा कूल या अलग दिखने की कोशिश करने के बजाय खुद जैसे हैं, वैसे ही रहें.

नंबर 9- ज्यादा फ्लर्ट या फिजिकल होने की कोशिश न करें

पहली डेट पर सामने वाले की पसंद और उसकी सीमा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. जरूरत से ज्यादा फ्लर्ट करना या बिना उसकी सहमति के फिजिकल होने की कोशिश करना उसे असहज कर सकता है. पहले एक-दूसरे को समझना जरूरी है.

नंबर 10- पहली डेट पर सब कुछ शेयर न करें

इन सब से अलग अपनी पूरी जिंदगी की कहानी पहली मुलाकात में बताने की जरूरत नहीं है. पर्सनल बातें धीरे-धीरे शेयर करना बेहतर होता है. जैसे-जैसे भरोसा बढ़ेगा, वैसे-वैसे आप एक-दूसरे के बारे में ज्यादा जान पाएंगे.

जवाल भट्ट कहते हैं, पहली डेट का मकसद सामने वाले को इंप्रेस करना ही नहीं, बल्कि उसे समझना भी है. इसलिए बातचीत को जितना हो सके, उसे सिंपल रखने की कोशिश करें, सामने वाले की बात सुनें और खुद भी थोड़ा खुलें. दिखावा करने, पुरानी बातें दोहराने या जल्दी से बहुत करीब आने के बजाय रिश्ते को समय दें. इस तरह रिश्ता बेहतर तरीके से आगे बढ़ता है. 

यह भी पढ़ें- किसी को अपनी अहमियत कैसे समझाएं? Relationship Coach ने बताया जो आपको नजरअंदाज करते हैं उन्हें भी होगी कदर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Relationship Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com