विज्ञापन

शादी के लिए हां कहने से पहले खुद से जरूर पूछें ये 5 सवाल, Ankur Warikoo ने दी जरूरी टिप्स

मोटिवेशनल स्पीकर अंकुर वारिकू ने अपने लिंक्ड इन पर ऐसे 5 जरूरी सवाल बताए हैं, जिन्हें शादी के लिए हां कहने से पहले हर व्यक्ति को खुद से जरूर पूछना चाहिए. ये सवाल आपको भविष्य में कई परेशानियों से बचा सकते हैं.

शादी के लिए हां कहने से पहले खुद से जरूर पूछें ये 5 सवाल, Ankur Warikoo ने दी जरूरी टिप्स
शादी के लिए हां कहने से पहले खुद से जरूर पूछें ये 5 सवाल
Photo Credit: NDTV

Relationship Tips: किसी के साथ शादी के बंधन में बंधना जीवन के सबसे अहम फैसलों में से एक होता है. चाहे अरेंज मैरिज हो या लव मैरिज, सिर्फ प्यार और परिवार की सहमति ही एक सफल रिश्ते की गारंटी नहीं होती. शादी से पहले ये समझना भी जरूरी है कि आप और आपका पार्टनर जीवन, जिम्मेदारियों, पैसों और भविष्य को लेकर एक जैसी सोच रखते हैं या नहीं. इसी पर मोटिवेशनल स्पीकर अंकुर वारिकू ने अपने लिंक्ड इन पर ऐसे 5 जरूरी सवाल बताए हैं, जिन्हें शादी के लिए हां कहने से पहले हर व्यक्ति को खुद से जरूर पूछना चाहिए. ये सवाल आपको सही फैसला लेने और भविष्य में होने वाली कई परेशानियों से बचाने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं...

1. आप असल में शादी क्यों कर रहे हैं?

शादी के लिए हां कहने से पहले सबसे पहले खुद से ये सवाल पूछें कि क्या शादी का फैसला आपकी अपनी इच्छा है या फिर आप परिवार, दोस्तों या समाज के दबाव में आकर कर रहे हैं. कई बार माता-पिता की उम्मीदें, दोस्तों की शादियां या बढ़ती उम्र का दबाव लोगों को जल्दबाजी में फैसला लेने के लिए मजबूर कर देता है. अंकुर वारिकू के अनुसार, शादी के लिए हां कहने से पहले अपनी इच्छाओं और दूसरों की अपेक्षाओं के बीच का फर्क समझना बेहद जरूरी है.

2. आप और आपका पार्टनर लड़ाइयों को कैसे संभालेंगे?

हर रिश्ते में कभी न कभी बहस या मतभेद होना काफी आम बात है. लेकिन आम बात येे है कि आप लड़ाई को कैसे संभालते हैं. क्या असहमति होने पर बात गाली-गलौज, आरोप-प्रत्यारोप या चुप्पी में बदल जाती है, या फिर आप दोनों शांत होकर एक-दूसरे की बात सुनने और समाधान निकालने की कोशिश करते हैं. अंकुर वारिकू के अनुसार शादी से पहले इस बात पर जरूर ध्यान देना चाहिए कि कठिन परिस्थितियों में आपका और आपके पार्टनर का व्यवहार कैसा रहता है. रिश्ते में भरोसा और सम्मान तभी बना रहता है जब दोनों लोग अपनी बात खुलकर रखें, एक-दूसरे की भावनाओं को समझें और गलती होने पर उसे स्वीकार भी कर सकें.

3. दोनों पार्टनर की आर्थिक मामलों पर समझ

हर कोई जानता है कि प्यार और समझदारी जितनी जरूरी है, शादी में पैसों की भूमिका भी उतनी ही अहम होती है. अंकुर वारिकू के अनुसार, शादी से पहले फाइनेंस पर खुलकर बात करना बहुत जरूरी है. जैसे कि घर के खर्च कैसे संभाले जाएंगे, बिलों का बंटवारा कैसे होगा, बचत और निवेश को लेेकर दोनों की क्या सोच है, और अगर भविष्य में किसी एक की नौकरी चली जाए या वह परिवार की जिम्मेदारियों के लिए काम से ब्रेक लें, तो स्थिति को कैसे संभाला जाएगा. अक्सर पैसों से जुड़ी बातें लोग शादी से पहले करने से बचते हैं, लेकिन बाद में यही बातें रिश्ते में तनाव और गलतफहमियों की वजह बन सकती हैं. इसलिए कर्ज, बचत, खर्च करने की आदतों और माता-पिता की आर्थिक मदद जैसी जरूरी बातों पर पहले ही बात कर लेना बेहतर होता है.

4. क्या आपके पास अपने लिए स्पेस और टाइम है?

एक शादी का मतलब ये नहीं है कि दो लोग अपनी अलग पहचान खोकर पूरी तरह एक हो जाएं. अंकुर वारिकू के अनुसार, शादी के बाद भी हर व्यक्ति को अपनी दोस्ती, शौक, करियर और सपनों के लिए जगह मिलनी चाहिए. इसलिए शादी से पहले ये सवाल जरूर पूछें कि क्या ये रिश्ता आपको अपनी पहचान बनाए रखने की आजादी देगा या फिर आपसे खुद को बदलने की उम्मीद की जाएगी. एक हेल्दी रिश्ते में दोनों पार्टनर एक-दूसरे की पर्सनल चॉइस, महत्वाकांक्षाओं और निजी समय का सम्मान करते हैं. चाहे दोस्तों के साथ समय बिताना हो, कोई नई स्किन सीखनी हो शादी के बाद भी इन चीजों के लिए जगह होनी चाहिए.

5. आप दोनों की भविष्य को लेकर क्या सोच है?

शादी से पहले ये जानना बेहद जरूरी है कि आप और आपका पार्टनर भविष्य को किस नजरिए से देखते हैं. जैसे आप दोनों कहां रहनाा चाहते हैं, करियर को कितना महत्व देते हैं, बच्चे चाहते हैं या नहीं, और परिवार की जिम्मेदारियों को कैसे निभाना चाहते हैं. अंकुर वारिकू के अनुसार शादी से पहले इन जरूरी बातों पर खुलकर बातचीत करनी चाहिए. कई बार लोग इन बातों को नजरअंदाज कर देते हैं और बाद में यही मुद्दे रिश्ते में तनाव और नाराजगी की वजह बन जाते हैं.

यह भी पढ़ें: बड़े होने पर दोस्त बनाना मुश्किल क्यों होता है? जानें लोगों से जुड़ने के 3 तरीके

यह भी पढ़ें: ब्रेकअप के बाद भी एक्स का सोशल मीडिया देखते हैं? एक्सपर्ट से जानिए इस आदत को छोड़ने के 5 तरीके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News, Relationship Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com