विज्ञापन

बच्चे से Homework करवाते समय न कहें ये 3 बातें, Parenting Expert ने बताया पढ़ाई में नहीं लगेगा मन

अगर आपका बच्चा भी अपना होमवर्क करते समय बहाने बनाता है या मन लगाकर पढ़ाई नहीं करता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. आइए एक्सपर्ट से जानते हैं इस कंडीशन में क्या करना चाहिए.

बच्चे से Homework करवाते समय न कहें ये 3 बातें, Parenting Expert ने बताया पढ़ाई में नहीं लगेगा मन
Homework कराते समय अपने बच्चे से कभी न कहें ये 3 बातें
(Photo Credit: Freepik)

बच्चों को होमवर्क करवाना कई पेरेंट्स के लिए बड़ी चुनौती होता है. माता-पिता की शिकायत होती है कि वे जैसे ही अपने बच्चे को पढ़ने के लिए कहते हैं, बच्चा या तो रोना शुरू कर देता है या अलग-अलग बहाने बनाने लगता है. अगर आपकी भी ऐसी ही शिकायत है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. पेरेंटिंग एक्सपर्ट देबमिता दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वे बताती हैं, कई बार पेरेंट्स अनजाने मे कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे बच्चा पढ़ाई से भागने लगता है. खासकर बच्चे को होमवर्क करवाते समय 3 बातें बिल्कुल नहीं कहनी चाहिए- 

नंबर 1- बैठकर पढ़ाई करो

पेरेंटिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, अक्सर माता-पिता बच्चे से कहते हैं कि एक जगह बैठकर पढ़ाई करो, लेकिन बच्चों के लिए लगातार एक जगह बैठकर सीखना जरूरी नहीं होता है. उनके सीखने के प्रोसेस में मूवमेंट यानी थोड़ी शारीरिक गतिविधि भी शामिल होनी चाहिए. ऐसे में आप लगातार एक जगह बैठाने की जगह बच्चे को छोटे-छोटे ब्रेक दे सकते हैं. बच्चे को थोड़ा चलने-फिरने, स्ट्रेच करने या पढ़ाई को एक्टिविटी के साथ जोड़ने का मौका दें. इससे वे पढ़ाई को बोझ नहीं समझेंगे.

नंबर 2-  'इतना सारा होमवर्क है, जल्दी करो'

देबमिता दत्ता कहती हैं, जब माता-पिता खुद ही होमवर्क को देखकर तनाव में आ जाते हैं और बच्चे से जल्दी करने के लिए कहते हैं, तो इसका असर बच्चे पर भी पड़ता है. बच्चा दबाव महसूस करने लगता है. इससे वो चाहकर भी काम को ठीक तरीके से नहीं कर पाता है. इसके बजाय होमवर्क को छोटे हिस्सों में बांटें. बच्चे से कहें कि पहले एक छोटा काम पूरा करते हैं, फिर अगला करेंगे. शांत माहौल बच्चे को बेहतर तरीके से ध्यान लगाने में मदद कर सकता है.

नंबर 3- 'होमवर्क खत्म नहीं किया तो खेलने नहीं दूंगी'

इन सब से अलग एक्सपर्ट कहती हैं, प्ले यानी खेल बच्चों की जिंदगी का जरूरी हिस्सा है. बच्चे खेलना पसंद करते हैं और खेल उनके लिए केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सीखने और खुद को एक्टिव रखने का भी तरीका है. इसलिए खेलने को सजा की तरह इस्तेमाल करना हमेशा सही तरीका नहीं है. इसके बजाय बच्चे से कहें, 'चलो होमवर्क जल्दी और आराम से पूरा करते हैं, ताकि तुम खेलने जा सको.' इससे बच्चा और खुश होकर काम करेगा. 

होमवर्क को तनाव नहीं, रोज की आसान आदत बनाएं

पेरेंटिंग एक्सपर्ट कहती हैं, होमवर्क के समय माता-पिता का रवैया बच्चे के अनुभव को काफी बदल सकता है. जब आप इन छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान देंगे तो बच्चा भी अपना काम मन लगाकर और अच्छी तरह कर पाएगा. 

यह भी पढ़ें- 6 महीने के बाद बच्चे को जरूर खिलाएं ये 3 सुपरफूड, पीडियाट्रिशियन ने बताया तेजी से होगा दिमाग का विकास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com