What Is NFS: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने एक बार फिर आरक्षण के मुद्दे को उठाया है और बीजेपी पर जमकर हमला बोला है. अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्चस्ववादी आरक्षण की खुली डकैती कर रहे हैं, इसे दूसरे रास्ते से नकारने की कोशिश हो रही है. इस दौरान उन्होंने NFS यानी नॉट फाउंड सूटेबल का भी जिक्र किया. अखिलेश ने इसे जुमला कहा और आरोप लगाया कि लैटरल एंट्री से पिछले दरवाजे से अपने लोगों को सेट किया जा रहा है. ऐसे में सवाल है कि आखिर ये NFS क्या है और इससे आरक्षण कैसे खतरे में आ सकता है? आइए जानते हैं...
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
नौकरियों में आरक्षण का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "वर्चस्ववादी आरक्षण की खुली डकैती करके ये साबित करना चाहते हैं कि अगर हम संविधान की आरक्षण की व्यवस्था सीधे समाप्त नहीं कर सकते हैं, लेकिन उसे दूसरे रास्ते से नकार सकते हैं. ये चाहते हैं कि वंचित समाज को धीरे-धीरे लगने लगे कि जो संविधान अब तक हमारी ढाल और संजीवनी बनता रहा है, उससे भी अधिक शक्तिशाली तो वो वर्चस्ववादी हैं. इसलिए इनकी मनमानी का विरोध न करो, इसलिए ये नौकरी में आरक्षण मार रहे हैं. NFS, नॉट फाउंड सूटेबल का जुमला चला रहे हैं."
आखिर क्या है NFS?
NFS का फुल फॉर्म 'नॉट फाउंड सूटेबल' है. केंद्र सरकार की तरफ से लाया गया ये टर्म उन शिक्षकों के लिए है, जो परीक्षा तो पास कर लेते हैं, लेकिन पद के लिए अयोग्य होते हैं. किसी भी शिक्षण संस्थान या फिर यूनिवर्सिटी में इंटरव्यू के बाद अगर सिलेक्शन कमेटी को लगता है कि उम्मीदवार पद के लिए योग्य नहीं है तो उस पद को 'नॉट फाउंड सूटेबल' बताकर खाली छोड़ दिया जाता है. इसे ऐसे भी समझ सकते हैं कि जब आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार पद के लिए उचित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो उन्हें नौकरी नहीं दी जाती है और उस पद को भरने की बजाय खाली रखा जाता है.
राहुल गांधी भी उठा चुके हैं सवाल
अखिलेश यादव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस मुद्दे को उठा चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि NFS से एसटी, एससी और ओबीसी उम्मीदवारों को जानबूझकर नौकरी नहीं दी जा रही है और अयोग्य घोषित किया जा रहा है. राहुल गांधी ने इसके लिए डीयू और देशभर के अलग-अलग आईआईटी का जिक्र भी किया था, उन्होंने आरोप लगाया कि यहां कई आरक्षित पदों को NFS बताकर खाली रखा गया है.
ये भी पढ़ें - PM मोदी को याद रहा मेलोनी का पुराना हैशटैग, इस वजह से गिफ्ट कर दिया Melody का पूरा पैकेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं