UPPSC PCS 2025 Interview : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की PCS-2025 भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आयोग को PCS-2025 के इंटरव्यू आयोजित करने की इजाजत दे दी है. इसके साथ ही अब 28 सितंबर से इंटरव्यू प्रोसेस निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो सकेगी. तो चलिए जानते हैं यूपीपीसीएस इंटरव्यू में कितने अभ्यार्थी होंगे शामिल, डॉक्यूमेंट्स क्या साथ लाना है, रिजल्ट कब तक आ सकता है. साथ ही इंटरव्यू को रोका क्यों गया था इस पर नजर डालेंगे.
जस्टिस मनीष कुमार निगम ने सुनाया फैसलायह आदेश जस्टिस मनीष कुमार निगम ने शुक्रवार को सुनाया. सुनवाई आरक्षण व्यवस्था, मेरिट में आने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में समायोजित करने और 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन से जुड़े मामले में दाखिल याचिका पर हुई थी.
क्या है पूरा मामला
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने दलील दी कि ऐसे रिजर्व वर्ग के उम्मीदवार, जिन्होंने बिना किसी छूट या रियायत के अनारक्षित वर्ग के कटऑफ के बराबर या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें ओपन या अररिजर्वड कंपीटिशन से बाहर कैसे रखा जा सकता है.
सुनवाई के दौरान यह भी मुद्दा उठाया गया कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा अधिनियम, 1994 की धारा 3(6), 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन और PCS-2025 विज्ञापन की शर्तों के बीच सामंजस्य को लेकर सवाल हैं. याचिकाकर्ताओं का कहना था कि ओपन या अनारक्षित श्रेणी योग्यता आधारित प्रतियोगिता का क्षेत्र है और केवल श्रेणी के आधार पर मेधावी अभ्यर्थियों को इससे बाहर रखना समान अवसर के संवैधानिक सिद्धांत पर प्रश्न खड़े करता है.
2,297 उम्मीदवार देंगे इंटरव्यू
UPPSC ने हाल ही में PCS-2025 मेन्स एग्जाम में सफल 2,297 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू कार्यक्रम जारी किया था. इंटरव्यू 28 सितंबर से 24 अक्टूबर तक विभिन्न वर्किंग डेज में आयोजित किए जाएंगे.
दो शिफ्ट में होगा इंटरव्यू
आयोग के अनुसार इंटरव्यू दो शिफ्ट में होंगे. पहली पाली सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी. अभ्यर्थी 22 सितंबर से आयोग की वेबसाइट से इंटरव्यू लेटर डाउनलोड कर सकते हैं.
इंटरव्यू में ये दस्तावेज साथ लाना होगा
एग्जाम कंट्रोलर हर्षदेव पांडेय के अनुसार अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित समय से पहले सरस्वती भवन पहुंचना होगा. पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को 12:30 बजे तक पहुंचना जरूरी है.
इंटरव्यू के समय उम्मीदवारों को अपनी एकेडेमिक के सभी ओरिजनल मार्कशीट, डिग्री और सर्टिफिकेट साथ लाने होंगे. आयोग ने रिक्त पदों का विवरण और वरीयता (Preference) फॉर्म भी जारी कर दिया है, जिसे इंटरव्यू के समय जमा करना होगा.
अक्टूबर के आखिर में आ सकता है रिजल्ट
PCS-2025 के तहत प्रशासन, पुलिस, राजस्व, विकास, श्रम और खाद्य सुरक्षा समेत कई विभागों में भर्तियां की जानी हैं. वहीं, डिप्टी एसपी और आबकारी निरीक्षक पदों के लिए अलग-अलग शारीरिक मानक भी निर्धारित किए गए हैं.
28 सितंबर से 24 अक्टूबर तक इंटरव्यू संपन्न होने के बाद उम्मीद है कि PCS-2025 का अंतिम परिणाम अक्टूबर 2026 के अंतिम दिनों में घोषित किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- Success Story: पिता को कैंसर में खोने के बाद IAS सोनल गोयल का मिशन, एवरेस्ट बेस कैंप से दी बड़ी सीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं