विज्ञापन

UP Police Constable Exam के दिन भूलकर भी न करें ये गलतियां, पहले जान लें सभी जरूरी नियम

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8 जून से शुरू हो रही है. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए रिपोर्टिंग टाइम, एडमिट कार्ड, ओएमआर शीट, बायोमेट्रिक जांच और परीक्षा केंद्र से जुड़े कई जरूरी नियम जारी किए गए हैं.

UP Police Constable Exam के दिन भूलकर भी न करें ये गलतियां, पहले जान लें सभी जरूरी नियम
उम्मीदवारों के लिए राहत की बात ये है कि इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है.

UP Police Constable Exam 2026: यूपी पुलिस में नौकरी पाने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है. यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8 जून से शुरू होने जा रही है. लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अब अंतिम दौर में पहुंच चुके हैं. ऐसे समय में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि परीक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी होना भी बहुत जरूरी है. हर साल कई अभ्यर्थी देर से पहुंचने, जरूरी दस्तावेज साथ न रखने या नियमों की जानकारी न होने की वजह से परेशानी में पड़ जाते हैं. ऐसे में अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं तो एग्जाम वाले दिन किसी तरह की दिक्कत से बचने के लिए भर्ती बोर्ड की ओर से जारी सभी जरूरी नियम पहले से जान लें.

8 से 10 जून तक होगी परीक्षा

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8 जून, 9 जून और 10 जून को कराई जाएगी. परीक्षा के लिए राज्यभर में कई केंद्र बनाए गए हैं. बड़ी संख्या में उम्मीदवार इसमें शामिल होने वाले हैं.

दो शिफ्ट में होगा एग्जाम

परीक्षा दो शिफ्ट में होगी. पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी. दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. उम्मीदवारों को अपनी शिफ्ट का समय एडमिट कार्ड में देख लेना चाहिए.

समय से पहले पहुंचना जरूरी

भर्ती बोर्ड ने साफ कहा है कि तय समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. सुबह की शिफ्ट वाले उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे के बीच केंद्र पहुंचना होगा. वहीं दूसरी शिफ्ट वालों को दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा. इसलिए आखिरी समय तक इंतजार करने की गलती न करें.

एडमिट कार्ड और पहचान पत्र जरूर रखें

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड जरूरी है. इसके साथ आधार कार्ड या कोई दूसरा सरकारी पहचान पत्र भी रखना होगा. बिना पहचान पत्र के उम्मीदवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

सेंटर बदलने की सुविधा नहीं

कई उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र उनके शहर से दूर आया है. लेकिन भर्ती बोर्ड ने साफ कर दिया है कि एक बार सेंटर तय होने के बाद उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. इसलिए उम्मीदवारों को उसी केंद्र पर परीक्षा देनी होगी जो उनके एडमिट कार्ड में लिखा है.

ओएमआर शीट पर भरने होंगे जवाब

यह परीक्षा कंप्यूटर पर नहीं होगी. उम्मीदवारों को प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट दी जाएगी. सभी जवाब ओएमआर शीट पर भरने होंगे. इसके लिए काला या नीला बॉल पेन साथ रखना जरूरी है. प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में मिलेगा.

ये सामान बिल्कुल न ले जाएं

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, नोट्स, कागज या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक सामान परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी. सभी उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक जांच भी की जाएगी.

गलत जवाब पर नहीं कटेंगे नंबर

उम्मीदवारों के लिए राहत की बात ये है कि इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है. यानी अगर कोई जवाब गलत हो जाता है तो उसके लिए नंबर नहीं काटे जाएंगे. हालांकि उम्मीदवारों को जवाब सोच-समझकर ही भरने चाहिए.

यह भी पढ़ें- SSC कंबाइंड हिंदी ट्रांसलेटर 2025 का रिजल्ट जारी, 1,722 उम्मीदवार हुए शॉर्टलिस्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com