जब भी फेस्टिव सीजन शुरू होता है तो उससे ठीक पहले ई-कॉमर्स कंपनियां सेल लेकर आती हैं. फ्लिपकार्ट से लेकर अमेजन और बाकी तमाम जगहों पर लोगों को तरह-तरह के ऑफर दिए जाते हैं और इस दौरान रिकॉर्ड ऑर्डर प्लेस होते हैं. जाहिर सी बात है कि जितने ज्यादा ऑर्डर होंगे, उतने ही डिलीवरी पाटर्नर्स की जरूरत भी पड़ेगी. ऐसे में इन कुछ महीनों में नौकरियां भी जमकर निकलती हैं और डिलीवरी बॉय अच्छी खासी कमाई करते हैं. आज हम आपको बताएंगे कि फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट और अमेजन जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स में नौकरी कैसे मिलती है और घर-घर जाकर डिलीवरी करने की कितनी सैलरी दी जाती है.
कैसे मिलती है डिलीवरी बॉय की नौकरी?
अगर आपकी उम्र 18 साल से ज्यादा है तो आपको भी किसी ई-कॉमर्स वेबसाइट के लिए डिलीवरी बॉय की नौकरी मिल सकती है. इसके लिए थर्ड पार्टी लॉजिस्टिक प्रोवाइडर्स नौकरी निकालते हैं. इसके अलावा ई-कॉमर्स वेबसाइट्स के अलग से इसके लिए ऐप भी होते हैं. इसमें अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.ऐप में साइनअप करने के बाद डॉक्यूमेंट अपलोड करने होते हैं. जिनमें- आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बाइक या साइकिल की जानकारी आदि होती है. इसके बाद एक दिन की ट्रेनिंग होती है और आईडी एक्टिवेट की जाती है.
अब सवाल है कि कैसे वेंडर तक पहुंचना है. इसके लिए आप गूगल पर कंपनी का नाम लिखकर सर्च कर सकते हैं और पता लगा सकते हैं कि उसका वेयरहाउस आपके आसपास कहां है. इसके अलावा सबसे आसान तरीका ये है कि आप किसी भी डिलीवरी बॉय से इसका पता लगा सकते हैं.
- इस नौकरी के लिए अंग्रेजी और हिंदी पढ़नी आनी चाहिए.
- नौकरी के लिए स्मार्टफोन चलाना आना चाहिए.
- बाइक और उसका लाइसेंस होना जरूरी है.
कितनी मिलती है सैलरी?
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स में अलग-अलग शहर के हिसाब से सैलरी तय की जाती है. इसमें परमानेंट और डेली बेसिस पर काम कराया जाता है. कुछ डिलीवरी पार्टनर्स को फेस्टिव सीजन में हायर किया जाता है और इसमें दिन के हिसाब से पैसे दिए जाते हैं. वहीं बाकी कंपनी के परमानेंट डिलीवरी पार्टनर हो सकते हैं. ई-कार्ट के जरिए आप पार्ट टाइम नौकरी नहीं कर सकते हैं. आमतौर पर जब भी सेल आती है तो वेंडर ऐसे लोगों को नौकरी पर रखते हैं, जिन्हें पर डिलीवरी के पैसे मिलते हैं.
इस तरह की नौकरी में 15 हजार से लेकर 20 हजार तक की सैलरी मिलती है. वहीं जो डिलीवरी बॉय डेली बेसिस पर काम करते हैं, उन्हें हर डिलीवरी पर 15 रुपये से लेकर 20 रुपये तक दिए जाते हैं. ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस शहर में ये काम कर रहे हैं. इसके अलावा ज्यादा डिलीवरी करने पर इंसेंटिव या बोनस भी दिया जाता है.
यह भी पढ़ें | महिला अधिकारी को IAS होने की हनक दिखाने वाले राजीव रंजन कौन हैं? जिनका वीडियो हो रहा वायरल
यह भी पढ़ें - Indian Coast Guard Recruitment 2027: 10वीं, 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, इन पदों पर निकली भर्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं