पुलिस में नौकरी करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है. हरियाणा पुलिस की टेलीकम्युनिकेशन विंग में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के 400 पदों पर भर्ती निकाली गई है. कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होने वाली इस भर्ती के लिए 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. हरियाणा पुलिस एक्ट, 2007 की धारा 21 के तहत ये भर्ती होगी. इसके लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है और आवेदन मांगे गए हैं. नोटिफिकेशन में बताया गया है कि किन उम्मीदवारों को इस भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी.
कितनी मिलेगी सैलरी
हरियाणा पुलिस की टेलीकम्युनिकेशन विंग में स्पेशल पुलिस ऑफिसर के पद पर नौकरी मिलने के बाद 20,000 रुपये महीने की सैलरी मिलेगी, साथ ही 3,000 रुपये का एकमुश्त वर्दी भत्ता भी दिया जाएगा. आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का चयन आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और अनुभव के आधार पर किया जाएगा.
क्या है योग्यता और आयुसीमा?
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से न्यूनतम 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. ये भर्ती सेना/सीएपीएफ (CAPF) के भूतपूर्व सैनिक या भंग की गई HSISF/HAP बटालियन के पूर्व कांस्टेबलों के लिए है. इसके लिए सेना या सीएपीएफ में कम से कम 5 साल की सेवा अनिवार्य है. सिग्नल कॉर्प्स में काम कर चुके या टेलीकॉम उपकरणों के रखरखाव का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी. बशर्ते उम्मीदवार को अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार या मेडिकल अनफिटनेस के आधार पर सेवा से बर्खास्त न किया गया हो. इस भर्ती के लिए 25 से 50 साल की उम्र के लोग आवेदन कर सकते हैं.
कैसे करना होगा आवेदन?
आवेदन ऑफलाइन तरीके से जमा कराना होगा. अभ्यर्थियों को अपने भरे हुए आवेदन पत्र, मूल दस्तावेज, उनकी फोटोकॉपी और 4 पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तारीख पर सुबह 9 बजे पहुंचना होगा. इसके लिए पता भी दिया गया है, जो है- पुलिस लाइन्स टेलीकम्युनिकेशन, सेक्टर-25 के सामने, गांव मोगिनंद के पास, पंचकुला (हरियाणा).
फॉर्म कैसे डाउनलोड करें?
- सबसे पहले हरियाणा पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- होमपेज पर SPO Recruitment Notification लिंक पर क्लिक करें
- नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालें
- फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां भरें और अपने जिले की निर्धारित तारीख पर दिए गए पते पर पहुंचे
ये भी पढ़ें - UPSC में कितनी रैंक लाने पर बनते हैं IAS-IPS? ऐसे बदल जाता है पूरा खेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं