कई लोग मानते हैं कि अगर IIT नहीं निकला तो करियर की सबसे बड़ी बाजी हार गए. लेकिन एक लड़की की कहानी इस सोच को पूरी तरह बदल देती है. घर की कमाई सिर्फ 6 हजार रुपये महीने थी, पढ़ाई के लिए परिवार को कर्ज लेना पड़ा और IIT का सपना भी पूरा नहीं हुआ. फिर भी उसने हार मानने के बजाय अपनी स्किल्स पर काम किया. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यही फैसला आगे चलकर उसे Google और Walmart जैसी बड़ी कंपनियों तक ले गया और आज उसकी सालाना कमाई करीब 2 करोड़ रुपये बताई जाती है.
6 हजार की कमाई वाले घर से शुरू हुआ सफर
देवश्री भार्टिया ऐसे परिवार में बड़ी हुईं जहां उनके पिता की महीने की कमाई करीब 6 हजार रुपये थी. घर के सीमित खर्चों के बीच पढ़ाई आसान नहीं थी और परिवार को उनकी शिक्षा के लिए लोन तक लेना पड़ा. ऐसे माहौल में IIT का सपना अधूरा रह गया, लेकिन उन्होंने इसे अपनी मंजिल का अंत नहीं बनने दिया. इसके बाद उनके सफर ने नई उड़ान हासिल की और देवश्री ने वो कर दिखाया, जिसे काफी कम लोग कर पाते हैं.
प्राइवेट कॉलेज से Google और Walmart तक पहुंचीं
IIT में दाखिला नहीं मिलने के बाद देवश्री ने प्राइवेट कॉलेज से पढ़ाई की और करीब 30 हजार रुपये महीने की नौकरी से करियर शुरू किया. इसके बाद उन्होंने लगातार नई स्किल्स सीखीं और खुद को बेहतर बनाती रहीं. इसी मेहनत का नतीजा रहा कि बाद में उन्हें Google में मौका मिला और फिर वो अमेरिका में Walmart में SWE III के पद तक पहुंचीं. उन्होंने अमेरिका में स्कॉलरशिप पर मास्टर्स की पढ़ाई भी पूरी की.
आज 2 करोड़ की कमाई
रिपोर्ट के मुताबिक, आज देवश्री की सालाना कमाई करीब 2 करोड़ रुपये है. उन्होंने अपनी पहली Tesla कार खरीदी और अपने माता-पिता को अमेरिका में Walmart के ऑफिस भी घुमाया. ये पल सिर्फ एक ऑफिस विजिट नहीं था, बल्कि उन सालों की मेहनत और परिवार के त्याग का सबसे बड़ा इनाम था. उनकी कहानी ये दिखाती है कि बड़ा कॉलेज शुरुआत आसान बना सकता है, लेकिन असली फर्क लगातार सीखने और मेहनत करने से पड़ता है.
ये भी पढ़ें - 'मां दही-शक्कर खिलाती थी'... नेपाल में माता-पिता के लापता होने के बाद छात्रा ने दिया NEET PG एग्जाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं