From School Heads To Education Administrators: दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है. राजधानी के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 23 प्रिंसिपलों को डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन (Deputy Director of Education) पद पर प्रमोट किया गया है. इस प्रमोशन के साथ ही ये अधिकारी अब केवल एक स्कूल की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे, बल्कि कई और संस्थानों की भी जिम्मेदारी संभालेंगे.
दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार टी.एस. संधू ने इन पदोन्नतियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है. यह प्रमोशन प्रोसेस 2025 और 2026 के लिए निर्धारित रिक्तियों को भरने के उद्देश्य से पूरी की गई है.
UPSC में हुई थी प्रमोशन कमेटी की बैठक
जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल से डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन पद पर पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (Departmental Promotion Committee-DPC) की बैठक 6 अगस्त को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में आयोजित की गई थी.
बैठक के बाद UPSC ने अपनी सिफारिशें दिल्ली शिक्षा निदेशालय (Directorate of Education) को भेजीं. सभी जरूरी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद प्रस्ताव उपराज्यपाल के समक्ष रखा गया, जहां से इसे अंतिम मंजूरी मिल गई.
अब सिर्फ स्कूल नहीं, कई संस्थानों की होगी निगरानी
बता दें कि पदोन्नति के बाद ये अधिकारी अपनी पोस्टिंग और वर्क एलोकेशन के आधार पर एक से अधिक सरकारी स्कूलों की निगरानी, जिला स्तर पर शिक्षा प्रशासन और विभागीय कामकाज की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं.
इससे पहले 2024 की रिक्तियां भी भरी गई थींयह पहली बार नहीं है जब शिक्षा विभाग में इस तरह की पदोन्नति की गई हो. इससे पहले 1 जुलाई 2025 को हुई डीपीसी बैठक के आधार पर 2024 की 16 रिक्तियों को भरा गया था.
अब 2025 और 2026 की रिक्तियों को मिलाकर कुल 23 प्रिंसिपलों को डिप्टी डायरेक्टर स्तर पर प्रमोट किया गया है.
दूसरी ओर प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल पद भी खाली
दिल्ली का सरकारी स्कूल सिस्टम फिलहाल प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल पदों की कमी से भी जूझ रहा है. इन रिक्तियों को भरने के लिए UPSC के माध्यम से अलग भर्ती प्रक्रिया चल रही है. शिक्षा विभाग में 124 प्रिंसिपल और 704 वाइस प्रिंसिपल पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है. यानी कुल 828 रिक्त पदों को भरने की तैयारी की जा रही है.
हालांकि, यह भर्ती प्रक्रिया और हालिया पदोन्नति दोनों अलग-अलग हैं. जहां एक ओर वर्तमान प्रिंसिपलों को प्रमोट कर डिप्टी डायरेक्टर बनाया गया है, वहीं दूसरी ओर स्कूल स्तर के खाली प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल पदों को नई भर्ती के जरिए भरा जाएगा.
आगे क्या होगा?
23 प्रिंसिपलों को प्रमोशन मिलने के बाद अब शिक्षा विभाग की ओर से उनकी पोस्टिंग और कार्य आवंटन संबंधी आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- UPTET 2026 में बड़ा विवाद, OMR शीट की गलतियों से 60 हजार अभ्यर्थियों का रिजल्ट हुआ रिजेक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं