Sarkari Naukri 2026 : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत काम करने वाले वैधानिक नारियल विकास बोर्ड ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं.इस भर्ती अभियान के तहत डेटा एंट्री ऑपरेटर, एलडीसी, फील्ड ऑफिसर, स्टेनोग्राफर, ऑडिटर और अधिकारी स्तर के कुल 35 पद भरे जाएंगे. 12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं.
कब से है आवेदन
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि रोजगार समाचार में संबंधित विज्ञापन के प्रकाशन के 30 दिनों के भीतर तय की गई है. ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है.
क्या चाहिए योग्यता
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद के आधार पर 12वीं कक्षा, ग्रेजुएशन डिग्री, पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या संबंधित व्यावसायिक योग्यता होनी चाहिए. इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 5 वर्ष का अनुभव और अन्य पात्रता तथा कौशल होने भी जरूरी हैं.
उम्र
आवेदकों की अधिकतम आयु पदों के अनुसार 27 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
कैसे होगा सिलेक्शन
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, लिखित परीक्षा या साक्षात्कार और कुछ पदों के लिए टाइपिंग, शॉर्टहैंड और कंप्यूटर स्पीड से जुड़े कौशल परीक्षणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 19,900 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
कितनी लगेगी आवेदन फीस
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 300 रुपए तय किया गया है. हालांकि, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व-सैनिक/महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं