- जमशेदपुर के टाटा-बादामपहाड़ रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के बीच आग जलाकर पैसेंजर ट्रेन रोकने की कोशिश हुई
- लोको पायलट की सतर्कता से आग देखकर तुरंत ट्रेन को रोका गया, जिससे बड़ा रेल हादसा टला
- ट्रेन करीब दस मिनट तक रुकी रही, जिससे परिचालन बाधित हुआ और यात्रियों में अफरा-तफरी मची
झारखंड के जमशेदपुर में रेलवे सुरक्षा से खिलवाड़ करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. कुछ शरारती तत्वों ने टाटा-बादामपहाड़ रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के बीच आग जलाकर पैसेंजर ट्रेन रोकने की कोशिश किया. सिदिरसाई हॉल्ट से पहले धरुवालुंग-पहाड़ीभांगा एवं दामूडीह रेलवे फाटक के पास हुई इस घटना के कारण ट्रेन करीब 10 मिनट तक रुकी रही.
रेलवे ट्रैक पर आग लगाकर गुजर रही पैसेंजर ट्रेन को रोकने की कोशिश की. ट्रैक पर आग की लपटें देखकर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया. जानकारी के मुताबिक, पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित रूट से गुजर रही थी. इसी दौरान लोको पायलट की नजर रेलवे ट्रैक पर जलती हुई आग पर पड़ी. खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल ट्रेन में ब्रेक लगा दिया. इसके बाद ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोकना पड़ा. आग की वजह से करीब 10 मिनट तक ट्रेन का परिचालन बाधित रहा.
रेलवे पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर रेलवे ट्रैक पर आग लगाई थी. आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास किसी भी तरह की खतरनाक गतिविधि न करें. इस तरह की हरकत से चलती ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो सकती है और सैकड़ों यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है. दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं