विज्ञापन

कांस्टेबल ने लाखों की ठगी को दिया अंजाम, थाने में जब्त गाड़ियों का कम दाम में किया सौदा, ऐंठ ली मोटी रकम

झारखंड के गिरिडीह में साइबर थाना के सिपाही गौतम कुमार पर 39 लाख की ठगी का आरोप लगा है. थाना प्रभारी ने मामला सही पाए जाने की पुष्टि की है. पढ़िए अमर सिन्हा की रिपोर्ट.

कांस्टेबल ने लाखों की ठगी को दिया अंजाम, थाने में जब्त गाड़ियों का कम दाम में किया सौदा, ऐंठ ली मोटी रकम
कांस्टेबल गौतम कुमार.

झारखंड में जामताड़ा के पुलिस जवान पर लाखों की ठगी का आरोप लगा है. साइबर थाना में तैनात गौतम कुमार के खिलाफ 39 लाख रुपये की ठगी के मामले में शिकायत दर्ज की गई है. गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामला जब्त चारपहिया वाहनों की नीलामी के नाम पर ठगी का है. बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि चपुआडीह पंचायत निवासी महाराज यादव के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 58/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) एवं 318(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है.

8 लोगों से ऐंठ ली रकम

पीड़ित महाराज यादव ने आरोप लगाया कि गौतम कुमार से उसका परिचय था. गौतम ने उन्हें और अन्य लोगों को बताया कि थानों में जब्त गाड़ियों की नीलामी करवाकर कम दाम में दिलवा देगा. उसने कई लोगों को थाना में जब्त वाहन भी दिखाए. इसके बाद गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के करीब 8 लोगों से कुल 39 लाख 60 हजार 500 रुपए लिए गए. कई लोगों ने जब लाखों रुपए दे दिए और उन्हें गाड़ी नहीं मिली तो मामला विभागीय अधिकारियों तक पहुंचा.

फिर कह दी नीलामी टलने की बात

गौतम कुमार ने नीलामी टलने की बात कहकर लोगों को टालता रहा. एक साल बीत गया लेकिन न तो वाहन उपलब्ध कराए गए और न ही पैसे लौटाए गए. कास्टेबल ने जमुआ थाना क्षेत्र के रजाउद्दीन मिर्जा, हरिला के मनोज कुमार यादव और चपूवाडीह मुंडहरि के अरुण कुमार समेत कई अन्य लोगों को निशाना बनाया. 

क्या कह रही है पुलिस?

बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पहले मौखिक शिकायत मिली थी. जांच में मामला सही पाया गया, जिसके बाद लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई. गौतम कुमार फिलहाल जामताड़ा साइबर थाना में आरक्षी के पद पर तैनात है. यह घटना पुलिस महकमे के लिए शर्मिंदगी का सबब बन गई है. पहले बोकारो और हजारीबाग के घोटालों से बदनामी हो रही थी, अब जामताड़ा के सिपाही की ठगी ने सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ेंः यूपी में जजों का महा ट्रांसफर, 678 सिविल जज, 408 ADJ इधर-उधर, देखें लिस्ट

लेखक के बारे में
img
गौरव कुमार द्विवेदी
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Giridih Police Fraud, Jharkhand Constable Fraud, Jharkhand Police, Jamtara Thug, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com