झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धनबाद रेल मंडल, पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के चार डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए. यह घटना स्टेशन के यार्ड लाइन नंबर 7 पर हुई. जहां मालगाड़ी अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार, कोयला लोड मालगाड़ी लोडिंग प्वाइंट से कोयला लेकर मेजिया थर्मल पावर स्टेशन (MTPS), पश्चिम बंगाल की ओर जा रही थी. मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने पर रूट पर ट्रेनों का आवागमन काफी प्रभावित हुई. कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया तो कुछ को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा है.
वैगन पर उखड़कर जा गिरा पोल
बताया जा रहा है कि मालगाड़ी जैसे ही सुबह 7:26 बजे डुमरी बिहार स्टेशन से आगे बढ़ी. तभी अचानक उसके चार वैगन पटरी से उतर गए. इसमें विशेष रूप से बोगी नंबर 7 और 8 बुरी तरह प्रभावित हुए. घटना स्थल के पास स्थित पोल संख्या DMBR/1117 भी अपनी जगह से उखड़कर वैगन के ऊपर जा गिरा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.

रूट पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक पीपी टोप्पो और ट्रैफिक इंस्पेक्टर अवधेश कुमार राम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. रेलवे ट्रैक को हुए नुकसान का आकलन करते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया. साथ ही धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई, जिसके बाद तकनीकी टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया.
मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने पर इस रूट पर रेल परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित हो गया है. कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि कुछ के मार्ग में बदलाव की संभावना जताई जा रही है. यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन रेलवे प्रशासन स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है.

हादसे के जांच के लिए विशेष टीम गठित
अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक से वैगनों को हटाने और लाइन को दुरुस्त करने का काम तेजी से जारी है. अनुमान है कि रेल सेवा को पूरी तरह बहाल करने में कुछ घंटों का समय लग सकता है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की जा रही है, जो यह पता लगाएगी कि यह दुर्घटना तकनीकी खराबी, ट्रैक में खामी या किसी अन्य कारण से हुई. फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस तरह की घटनाएं रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े करती हैं. (रिपु सूदन के इनपुट के साथ)
यह भी पढे़ं-
बोकारो: ट्रेन की छत पर बच्चों को रील बनाना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आने से 1 की मौत दूसरा घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं