- महबूबा मुफ्ती पर लगाया गया है PSA
- इल्तिजा मुफ्ती ने केंद्र पर बोला हमला
- उमर अब्दुल्ला पर भी लगाया गया PSA
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती (Mehbooba Mufti) पिछले साल 5 अगस्त से अपने घर में नजरबंद हैं. हाल ही में महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) लगाया गया है. उनकी पार्टी के नेता PSA लगाए जाने का विरोध कर रहे हैं. मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती (Iltija Mufti) ने रविवार को एक के बाद एक कई ट्वीट कर केंद्र सरकार पर हमला बोला. इल्तिजा अपनी मां पर PSA लगाए जाने की वजह जानकर भी हैरान दिखीं. PSA लगाए जाने को लेकर सरकार के डोजियर में उनकी पार्टी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के झंडे पर हरे रंग का जिक्र किया गया है. कहा गया है कि PDP का हरा झंडा उग्रता को दर्शाता है. इस पर महबूबा की बेटी इल्तिजा ने कहा कि भारतीय सेना की यूनिफॉर्म और बिहार में BJP की सहयोगी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) का झंडा भी तो हरा है.
इल्तिजा मुफ्ती ने महबूबा मुफ्ती के ट्विटर हैंडल से पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, PDP और JDU के झंडों की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'PDP का मूल संदिग्ध है. पार्टी का हरे रंग का झंडा उग्रता को दर्शाता है. भारतीय सेना के अफसर हरे रंग की वर्दी पहनते हैं और उनके वाहन भी इसी रंग के हैं. क्या वो भी उग्रता के प्रतीक हैं. अगर PDP का मूल संदिग्ध है तो BJP ने साथ मिलकर सरकार क्यों बनाई. BJP की सहयोगी JDU और PDP का झंडा देखिए. हैरान हूं कि उनके झंडे में हरे रंग का क्या मतलब है. या एक पार्टी विश्वसनीय और राष्ट्रवादी तभी होगी जब वो BJP की सहयोगी हो.'
PFA pic of BJP ally JDUs party flag & PDP flag. Wondering what the green in their party flag stands for? Or is a party credible & nationalistic enough only when it's BJPs ally? pic.twitter.com/BOppCLIDoR
— Mehbooba Mufti (@MehboobaMufti) February 9, 2020
इल्तिजा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'उनका आरोप है कि PDP पार्टी का चिन्ह मुस्लिम यूनाइटेड फ्रंट से लिया गया है, जिसने 1987 में जम्मू-कश्मीर चुनावों में भाग लिया था. PDP पार्टी का चुनावी चिन्ह चुनाव आयोग द्वारा स्वीकृत है. क्या भारत सरकार अब चुनाव आयोग से सवाल करेगी और क्या अब वो आयोग के निर्णयों को कमजोर करने जा रहे हैं.' इल्तिजा ने बताया कि महबूबा मुफ्ती पर PSA लगाए जाने को लेकर डोजियर में उनके द्वारा किए गए ट्वीट्स को भी बतौर सबूत पेश किया गया है.
इल्तिजा मुफ्ती का कहना है कि उनकी मां पर PSA इसलिए लगाया गया क्योंकि उन्होंने वह बॉन्ड साइन नहीं किया, जिसमें कहा गया था कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के विरोध में कोई बयान नहीं देंगी. इल्तिजा ने यह भी कहा कि उनकी मां पर हिंसा भड़काने से जुड़े बयान देने का आरोप लगाया गया है लेकिन भारत सरकार को इसे सबूतों के साथ साबित करना चाहिए. इल्तिजा ने कहा कि मोदी सरकार के मंत्रियों ने दिल्ली चुनावों के दौरान भड़काऊ नारों का इस्तेमाल किया.
इल्तिजा मुफ्ती ने एक ट्वीट में लिखा, 'आप मानिए या न मानिए लेकिन महबूबा मुफ्ती के खिलाफ गृह मंत्रालय के निर्देशों पर ही PSA का डोजियर तैयार किया गया है. उसमें पूर्व मुख्यमंत्री (महबूबा मुफ्ती) के बारे में लिखा है कि वह उनके खतरनाक और कपटपूर्ण व्यवहार के लिए संदर्भित कर रहा है. उसमें उनकी प्रोफाइल और उनके पिता जैसे स्वभाव का होने का भी जिक्र किया गया है.'
VIDEO: PM भूले रहे हैं कि उन्होंने महबूबा मुफ्ती के साथ मिलकर सरकार बनाई थी: इल्तिज़ा मुफ्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं