कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जल्द मिल सकती है पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी.
नई दिल्ली:
- जनता के बीच बढ़ी मौजूदगी : अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में विधानसभा चुनाव दूर नहीं हैं, सो, कांग्रेस को पुरज़ोर कोशिश करनी ही थी, लेकिन इससे पहले इसी साल की शुरुआत में हुए यूपी व अन्य राज्यों के चुनावों की तुलना में राहुल गांधी जनता के बीच ज़्यादा मौजूदगी बनाएंगे, यह तभी तय हो गया, जब वह पिछले दिनों गुजरात में कुछ दिन बिताने पहुंचे.
- भाषण ज़्यादा धारदार: पहले की तुलना में इस बार उनके भाषणों की धार भी ज़्यादा पैनी दिखाई दी और उन्होंने तीन-दिवसीय गुजरात दौरे में बीजेपी की राज्य सरकार को शिक्षा के स्तर को लेकर आड़े हाथ लिया, और रोज़गार पैदा करने में प्रशासन की नाकामी का मुद्दा ज़ोरशोर से उठाया. हालांकि लगभग दो दशक से राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी को हराना कांग्रेस के लिए कतई आसान नहीं होगा, लेकिन राहुल के भाषणों ने इस बार पार्टी कार्यकर्ताओं को उम्मीद से भर दिया है.
- सोशल मीडिया पर हैं ज़्यादा सक्रिय : सोशल मीडिया पर भी वह आए दिन केंद्र सरकार और उसकी नीतियों को लेकर तंज कसते नज़र आते हैं, जिनमें वह कतई खुलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाना बनाने से नहीं चूकते.
- प्रधानमंत्री पर सीधे तंज कसते हैं : सोमवार को प्रधानमंत्री की गुजरात यात्रा से पहले उन्होंने एक अंग्रेज़ी दैनिक की ख़बर का ज़िक्र करते हुए लिखा, 'मौसम का हाल : चुनाव से पहले गुजरात में आज होगी जुमलों की बारिश...'
- पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को पसंद आ रहा है नया रूप : सो, यह तय है कि काग्रेस की कमान राहुल गांधी को आज नहीं तो कल, मिल ही जाएगी, लेकिन सचमुच राहुल गांधी का यह रूप उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को काफी रास आएगा, जिनके लिए 2019 का लोकसभा चुनाव अब तक काफी मुश्किल लगता रहा है.
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Rahul Gandhi