विज्ञापन
This Article is From Aug 29, 2023

"आप पाकिस्तान क्यों नहीं गए?": दिल्ली की टीचर पर क्लास में टिप्पणी को लेकर केस दर्ज

दिल्ली पुलिस ने कक्षा-9 के छात्रों के परिवारों की शिकायत के बाद गांधी नगर में सरकारी सर्वोदय बाल विद्यालय की शिक्षिका हेमा गुलाटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

दिल्ली के स्कूल में टीचर पर केस दर्ज

दिल्ली (Delhi School) में एक स्कूल के चार छात्रों ने आरोप लगाया है कि उनके शिक्षक ने सांप्रदायिक टिप्पणी की और उनसे पूछा कि विभाजन के दौरान उनके परिवार पाकिस्तान क्यों नहीं गए. यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब यूपी के मुजफ्फरनगर का मामला पहले से ही सुर्खियों में हैं. वीडियो में एक स्कूल में टीचर मुस्लिम छात्र पर अन्य सहपाठियों से थप्पड़ मरवाती नजर आ रही है. साथ ही टीचर तृप्ता त्यागी सांप्रदायिक टिप्पणी करती हुई भी सुनाई दे रही हैं.

दिल्ली पुलिस ने कहा- आरोपों की जांच कर रहे हैं

दिल्ली पुलिस ने कक्षा-9 के छात्रों के परिवारों की शिकायत के बाद गांधी नगर में सरकारी सर्वोदय बाल विद्यालय की शिक्षिका हेमा गुलाटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने कहा कि वे आरोपों की जांच कर रहे हैं. साथ ही ये भी कहा कि  "विभाजन के दौरान आप पाकिस्तान क्यों नहीं गए, आप भारत में ही रहे. भारत की आजादी में आपका कोई योगदान नहीं है." शिकायत की एक प्रति से पता चलता है कि यह शुक्रवार शाम को दायर की गई थी. छात्रों के परिवारों ने कहा है कि इस तरह की टिप्पणियों से स्कूल में कलह हो सकती है और उन्होंने शिक्षक को बर्खास्त करने की मांग की है.

टीचर को सजा मिले : अभिभावक

एक महिला जिनके दो बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं, ने समाचार एजेंसी ANI को बताया, "अगर इस शिक्षक को सजा नहीं मिली तो इस तरह की हरकतें करने के लिए दूसरों की हिम्मत बढ़ेगी. उनसे कहा जाना चाहिए कि वे सिर्फ पढ़ाएं और उन मामलों पर न बोलें जिनके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है. ऐसे शिक्षक छात्रों के बीच मतभेद पैदा करते हैं. हमारी मांग है कि उस शिक्षक को स्कूल से हटाया जाए, उसे किसी भी स्कूल में नहीं पढ़ाना चाहिए.

टीचर की जिम्मेदारी अच्छी शिक्षा देना है : आप विधायक

स्थानीय विधायक और आम आदमी पार्टी (आप) नेता अनिल कुमार बाजपेयी ने शिक्षिका को आड़े हाथों लिया है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक विधायक ने कहा कि "यह बिल्कुल गलत है. एक शिक्षक की जिम्मेदारी बच्चों को अच्छी शिक्षा देना है. शिक्षक को किसी भी धार्मिक या पवित्र स्थान के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Teacher Communal Remarks, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com