पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने हाल ही में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की एक मीटिंग में हिस्सा नहीं लिया था. पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उनका उस बैठक से दूरी बनाना कई को हैरान कर गया. अब चरणजीत सिंह चन्नी ने खुद ही अपनी अनुपस्थिति पर जवाब दिया है. उन्होंने बताया है कि आखिर वे किस वजह से बैठक में शामिल नहीं हो पाए.
चन्नी कौन सी परीक्षा दे रहे?
मीडिया से बात करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि मैंने पार्टी हाईकमांड से पहले ही इजाजत ले ली थी, मुझे अपनी पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में MA की परीक्षा में शामिल होना था. कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक तो लगातार होती रहती है. इसी वजह से मैंने आलाकमान को पहले ही सूचित कर दिया था और परीक्षा में शामिल होने की इजाजत मांगी थी.
चन्नी ने आगे कहा कि वे आगे जरूर कांग्रेस की बैठक में शामिल होंगे. उनके मुताबिक अगर वे इस समय परीक्षा छोड़ देते तो उनकी डिग्री की पढ़ाई पूरी नहीं हो पाती और वे एक साल पीछे हो जाते. उन्होंने यह भी बताया कि जिस विषय पर वे इस समय रिसर्च कर रहे हैं, वो भी काम फिर टल जाता.
20 परीक्षाएं दे चुके चन्नी
पूर्व सीएम ने जानकारी दी है कि पंजाब यूनिवर्सिटी के साथ उनका नाता काफी पुराना है और उन्हें इस पर गर्व भी महसूस होता है. उनके मुताबिक उन्होंने इसी यूनिवर्सिटी से कई एकेडामिक प्रोग्राम में हिस्सा लिया है. एमए परीक्षा के तहत भी वे 20 परीक्षाएं दे चुके हैं.
ये भी पढ़ें- कर्नाटक के IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार हो गए लापता
चन्नी ने यह जानकारी भी दी कि पिछले सेमिस्टर में उन्होंने अपनी परीक्षा में 74 फीसदी अंक हासिल किए थे और वे अपने इस कोर्स को पूरा करने की तैयारी कर रहे हैं. उनके अनुसार वे आगे भी रिसर्च का काम जारी रखने वाले हैं और उसका केंद्र पंजाब के विकास से जुड़ा होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं