विज्ञापन

कहां हैं नेहा बोरा? हिरासत के कई घंटे बाद भी पता नहीं; सांसद, पूर्व CM सहित कई ने उठाई रिहाई की मांग

दिल्ली में तिरंगा मार्च के दौरान हिरासत में ली गई नेहा बोरा और अभिजीत दीपके को पुलिस ने कहां रखा है? इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. पूर्व सीएम, सांसद सहित कई नेताओं ने नेहा बोरा की रिहाई की मांग उठाई है.

कहां हैं नेहा बोरा? हिरासत के कई घंटे बाद भी पता नहीं; सांसद, पूर्व CM सहित कई ने उठाई रिहाई की मांग
नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया है.
NDTV
  • दिल्ली तिरंगा मार्च के दौरान AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा की हिरासत के बाद कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है.
  • नेहा बोरा और CJP फाउंडर दीपके के ठिकाने को लेकर परिवार और संगठन चिंतित हैं. और पुलिस से जवाब मांग रहे हैं.
  • दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिए गए प्रतिनिधिमंडल को थाने के अंदर जाने से रोक दिया है.
नई दिल्ली:

दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में बुलाए गए तिरंगा मार्च के दौरान हिरासत में ली गई ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) की चीफ नेहा बोरा कहां है? इसकी अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है. नेहा बोरा के साथ-साथ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके के बारे में भी कुछ पता नहीं चल सका है. नेहा बोरा कहां हैं? इसको लेकर पूर्व सीएम, सांसद सहित कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं. आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा की रिहाई की मांग को लेकर एनी राजा और आइसा का प्रतिनिधि मंडल संसद मार्ग थाने के बाहर है, दिल्ली पुलिस ने बैरीकेटिंग कर सभी को थाने में अंदर जाने से रोक दिया है. थाने के अंदर जाने की जद्दोजहद के लिए पूरा प्रतिनिधिमंडल गेट पर खड़ा है और बैरिकेड खुलवाने की मांग कर रहा है. 

आइसा के प्रतिनिधिमंडल ने कहा- हिरासत के कई घंटे बाद भी नेहा का पता नहीं

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि 6 घंटे से ज्यादा समय हो गया है लेकिन नेहा बोरा से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है. आज लहरा दो तिरंगा मार्च में शामिल होने के लिए नेहा बोरा आई थीं और आरोप है कि एक प्राइवेट गाड़ी में बिना किसी महिला पुलिस कर्मी की मौजूदगी में डिटेन किया गया है और उसके बाद ले ही नेहा से कोई संपर्क नहीं है. हमलोग नयी दिल्ली डीसीपी से मिलकर नेहा के बारे में जानकारी हासिल करना चाहते हैं. अगर नेहा गायब है तो उसकी कंप्लेन दर्ज करवाने के लिए हमसभी यहां पर हैं लेकिन पुलिस का कोई अधिकारी बात करने के लिए तैयार नहीं है और बाहर बैरिकेड भी लगा दिया गया है.

अखिलेश, स्टालिन सहित कई नेताओं ने उठाए सवाल

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, तमिलनाडु के पूर्व सीएम एमके स्टालिन, सीपीआई (एम) के सांसद जॉन ब्रिटास के साथ-साथ आइसा, सीजेपी ने भी नेहा बोरा की सलामती को लेकर चिंता जताई है. इन नेताओं ने नेहा बोरा की रिहाई की मांग उठाई है. अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा- ये बेहद गंभीर मामला है कि डिटेन की गई नेहा बोरा कहां हैं, इसकी कहीं कोई ख़बर नहीं है. एक नारी को रात में डिटेन करके कहां ले जाया गया है, पुलिस इसका ख़ुलासा करे. राष्ट्रीय महिला आयोग तत्काल इस अति संवेदनशील प्रकरण का संज्ञान ले. नेहा बोरा को तुरंत रिहा किया जाए!
 

नेहा बोरा की रिहाई को लेकर अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट.

नेहा बोरा की रिहाई को लेकर अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट.

आइसा और सीजेपी ने नेहा बोरा और अभिजीत दीपके के ठिकाने को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों को वकीलों और सहयोगियों से मिलने नहीं दिया जा रहा है.

कॉजपा ने आरोप लगाया कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है और संगठन का उनसे संपर्क टूट गया है. वहीं, आइसा ने दावा किया कि उसकी अध्यक्ष नेहा बोरा को मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रकोष्ठ में अकेले रखा गया है.

अभिजीत दीपके का भी पता नहीं

कॉजपा ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस अभिजीत दीपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले गई है. हमारा उनसे संपर्क टूट गया है. उन्हें वकीलों से बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही है.'' कॉजपा ने कहा, ‘‘यह सरकार युवाओं के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार क्यों करती है? हम भारत के समान अधिकार वाले नागरिक हैं और संविधान के तहत मिलने वाले सभी संरक्षणों और अधिकारों के हकदार हैं!''

कॉजपा ने सवाल किया, ‘‘दिल्ली पुलिस, आप अभिजीत को कहां ले गए हैं? आपको हमें जवाब देना होगा. अभिजीत हाथ में तिरंगा लेकर अपने घर से बाहर निकले थे! तिरंगा लेकर चलना अपराध कैसे हो सकता है?'' कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर अभिजीत दीपके को तुरंत रिहा करने की मांग उठाई है.

 

पोस्ट में कहा गया, ‘‘आप एक अभिजीत को हिरासत में लेते हैं, तो हजारों अभिजीत खड़े हो जाएंगे. आप एक सौरव को जेल में डालते हैं, तो हजारों सौरव सड़कों पर उतरेंगे. आप एक आशुतोष को जेल में डालते हैं, तो हजारों आशुतोष दिल्ली पहुंचेंगे. तिरंगा हमारी जान है, तिरंगा हमारी शान है. हमें कोई नहीं रोक सकता.''

आइसा ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि नेहा बोरा को मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रकोष्ठ में अकेले हिरासत में रखा गया है. एक अन्य पोस्ट में संगठन ने दावा किया कि बोरा को मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल थाने से ऐसी कार में किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है, जिन पर अवैध रूप से काली फिल्म चढ़ाई गई है.

आइसा के पूर्व अध्यक्ष एन साई बालाजी ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस कृपया जवाब दे कि नेहा बोरा को सादे कपड़ों में आए लोगों ने बस में अकेले हिरासत में क्यों लिया? उनके आखिरी ठिकाने से पता चलता है कि उन्हें मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रकोष्ठ ले जाया गया था. फिर थाना यह क्यों कह रहा है कि वह वहां नहीं हैं?'' उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या दिल्ली पुलिस उन्हें अगवा करने और गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है?''

यह भी पढ़ें - CJP Tiranga March LIVE: तिरंगा मार्च शांतिपूर्ण रहा, CP में 20 मिनट चला प्रदर्शन; करीब 100 लोग हिरासत में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Neha Bora, Neha Bora AISA President, Neha Bora Delhi Protest, Abhijit Dipke CJP, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com